बुरहानपुर में शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ पर तंज कसते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- यह कांग्रेस भी बड़ी अजीब है। मप्र में एकक्षत्र कमलनाथ हैं। मुख्यमंत्री बनना हो तो कमलनाथ, नेता प्रतिपक्ष बनना है तो कमलनाथ, कांग्रेस का अध्यक्ष बनना हो तो कमलनाथ, स्टार प्रचार बनाना है तो कमलनाथ। युवाओं का नेता नकुलनाथ... बाकी कांग्रेस हो गई अनाथ।
शिवराज ने कहा कि पहले स्व. सुभाष यादव को मुख्यमंत्री नहीं बनने दिया। अब अरुण भैया को भी सांसद भी नहीं बनने देना चाहते। यह कांग्रेस पार्टी नहीं सर्कस हो गई है। शिवराज फोफनार में भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे थे।
शिवराज ने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके समय में न बिजली, न पानी, न सड़कें थीं। मप्र की बर्बादी की कहानी लिख गए। रोड इतने खराब थे कि जब ट्रक में केले भरकर ले जाता था तो केले का हलुआ बन जाता था। मप्र को तबाह कर दिया था। जैसे-तैसे हमने संभाला। भाजपा सरकार ने पानी पर भी खूब काम किया।
छत्तीसगढ़ में फिफ्टी-फिफ्टी चल रहा
राहुल गांधी कांग्रेस में कुछ नहीं हैं, लेकिन मुख्यमंत्री हटाने का फैसला राहुल गांधी कर देते हैं। दुनिया में ऐसा अजूबा देखा होगा कि पार्टी का अध्यक्ष ही नहीं हो। मैडम कार्यकारी अध्यक्ष हैं। हालत यह कर दी कि पंजाब में तो डुबो ही दिया। कैप्टन साहब की जगह चन्नी साहब को सीएम बना दिया। सिद्धू भी कमाल के हैं। उन्होंने कहा कि हम तो डूबेंगे सनम, तुमको भी ले डूबंगे। वहां अच्छी भली सरकार का कबाड़ा कर दिया। छत्तीसगढ़ में फिफ्टी-फिफ्टी चल रहा है। सभा को पूर्व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के बेटे हर्षवर्धन सिंह चौहान ने भी संबाेधित किया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.