• Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Khargone
  • Higher Education Minister Dr. Mohan Yadav Said That Certificate And Degree Courses Will Be Started On Tourism And Cotton Industry

लोकार्पण करने पहुंचे उच्च शिक्षा मंत्री:उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा पर्यटन और कपास उद्याेग पर शुरू करेंगे सर्टिफिकेट व डिग्री कोर्स

खरगोन2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
  • पीजी कॉलेज में इनडोर स्पोर्ट्स हॉल का लोकार्पण करने पहुंचे उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार दोपहर पीजी कॉलेज में 3 करोड़ लागत से बने इनडोर मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स हॉल का लोकार्पण और 3 करोड़ 40 रुपए लागत की बॉटनी लैब का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से शिक्षा नीति की जरूरत थी। लीक से हटकर युवाओं की जरूरत के हिसाब से कोर्स तैयार किए।

प्रदेश में इसी साल से शिक्षा नीति लागू होगी। इससे देश में एक नई विकास की पीढ़ी तैयार होगी। खरगोन जिले में कॉटन इंडस्ट्रीज है। पर्यटन की संभावनाएं है। इसके लिए डिग्री, सर्टिफिकेट व प्रोफेशनल कोर्स की मांग आएगी तो इसकी स्वीकृति दी जाएगी। कई विद्यार्थियों ने नए कोर्स शुरू करने की मांग की है। आने वाले समय में योग्य व प्रोफेशनल कोर्स भी शुरू किए जाएंगे।

इस दौरान सांसद गजेंद्रसिंह पटेल, राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी, उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक डॉ. सुरेश टी सिलावट, कलेक्टर अनुग्रहा पी, अपर कलेक्टर बीएस सोलंकी, प्राचार्य प्रो. आरएस देवड़ा सहित अन्य मौजूद थे।

बॉटनी लैब का भूमिपूजन
नई बॉटनी लैब के भूमिपूजन को लेकर प्रो. देवड़ा ने बताया लैब तीन मंजिला होगी। इसमें दिव्यांगजनों के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी रहेगी। इसके अलावा पीजी के विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रकार के उपकरण रहेंगे ताकि इंटरेस्ट बढ़े। यह बॉटनी लैब विश्व बैंक व जनभागीदारी के सहयोग से 3 करोड़ 40 लाख रुपए से तैयार होगी। कॉलेज में दो नए सहायक प्रधापकों के पद स्वीकृत हुए हैं।

एक माह पहले भी हुआ था विरोध
1 माह पहले सांसद गजेंद्रसिंह पीजी कॉलेज के नवनिर्मित मल्टीपर्पज इंडोर स्पोर्ट्स हॉल व बॉटनी लैब का भूमिपूजन करने वाले थे। कार्यक्रम तय होने के बाद छात्र प्रतिनिधियों ने इसका विरोध किया था। इसके बाद कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया था।

सिर्फ स्वागत मंच की अनुमति दी

  • अभाविप को सिर्फ स्वागत मंच की अनुमति दी थी, झंडे लगाने की नहीं। एनएसयूआई की शिकायत पर झंडे हटवाने गए थे। तब तक मंत्री पहुंच गए थे। -प्रो. आरएस देवड़ा, प्राचार्य

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज परिसर में मंत्री के स्वागत के लिए मंच लगाया। झंडे भी लगाए। इसका भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने विरोध किया। संगठन के प्रशांत सांवले, नीलेश सागोरे, ऋषभ टांक, यूथ कांग्रेस के नीतेश मंडलोई आदि ने कहा प्राचार्य व कलेक्टर से निवेदन किया। लेकिन इसे हटाया नहीं गया।

हमने विरोध में भारतीय जनता पार्टी महाविद्यालय का बैनर तैयार कराकर टांग दिया। मंत्री के कार्यक्रम से लौटने के दौरान जमकर नारेबाजी भी की। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया भाजपा हर चीज पर राजनीति करती है। कई समस्याएं है। उनका निराकरण नहीं किया जा रहा है। रजत शर्मा, निकेश बछाने, सुलतान भुट्टो, शाहरुख मिर्जा आदि मौजूद थे।

सरस्वती शिशु मंदिर में हुई भाजपा की बैठक
खरगोन | पश्चिम बंगाल में राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित देश के गृहमंत्री के काफिले पर हमला किया जाता है। सत्ता के लिए देश का विपक्ष देश के टुकड़े तक करने के लिए आतुर है। यह बात उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में भाजपा जिला कार्यसमिति बैठक में कही। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर ने की।

पांच सत्रों में कार्यशाला हुई। प्रदेश महामंत्री व इंदौर जिला पंचायत अध्यक्ष कविता पाटीदार, राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी, सांसद व प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्रसिंह पटेल ने भी संबोधित किया। इधर, हमारा राष्ट्रीय संकल्प विषय पर वर्चुअल प्रशिक्षण हुआ। इसमें उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद गजेंद्रसिंह पटेल, जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह राठौर, राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी के अलावा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कल्याण अग्रवाल शामिल हुए।