भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मंगलवार शाम को नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है। इनमें खंडवा से अनूप पटेल को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। नियुक्ति युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष वैभव पवार ने दी। हालांकि, पार्टी सूत्रों के मुताबिक, अनूप पटेल की नियुक्ति में प्रदेश महामंत्री की भूमिका है, महामंत्री के पास पंधाना सीट से विधायक का पद भी है। वजह- पंधाना में कुन्बी पटेल समाज का दबदबा है, बीते लोकसभा उपचुनाव में समाज का विरोध झेलना पड़ा और 4 हजार वोट के अंतर से ही सीट निकल सकीं थी।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अनूप पटेल फिलहाल, युवा मोर्चा में जिला महामंत्री के पद पर थे। पूर्व में वह छात्र राजनीति से जुड़े रहे है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में (ABVP) में नगर मंत्री रहे है। जिला संगठन ने युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष के लिए प्रदेश संगठन को तीन नाम भेजे थे, इनमें अश्विनी साहू, रोहित मिश्रा, पुनित चौरसिया शामिल थे। जबकि, नये अध्यक्ष को लेकर चर्चा में रहे संदीपसिंह चौहान का नाम भेजा ही नहीं गया था।
विरोध में पिछड़े तो पिछड़ा वर्ग का सहारा
खंडवा में BJP सरकार का विरोध होने लगा तो संसदीय क्षेत्र की सामान्य सीट पर ओबीसी कार्ड खेलते हुए ज्ञानेश्वर पाटिल को टिकट दिया। खंडवा जिलाध्यक्ष के पद पर पूर्व से सेवादास पटेल (गुर्जर ओबीसी) है। अब युवा मोर्चा में भी अनूप पटेल को कमान दे दी। चर्चा का विषय है कि, BJP पिछड़ने लगी तो पिछड़ा वर्ग का सहारा ले रही है। क्योंकि, लोकसभा उपचुनाव में सामान्य से आने वाले हर्षवर्धनसिंह, जिलाध्यक्ष में राजपालसिंह और युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष की दौड़ में संदीपसिंह चौहान का नाम हटाया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.