खंडवा पुलिस ने शनिवार की रात गुंडा अभियान चलाकर स्थायी वारंटी और जिलाबदर आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह नौबत तब आई जब गुना कांड के बाद मुख्यमंत्री ने अफसरों को फटकारा। वरना, ये गुंडे अपराध करने के बाद भी घरों में आराम फरमा रहे थे। रात के 3 बजे तक संवेदनशील इलाकों में जाकर दबिश दी। 3 थानों की पुलिस ने दो दर्जन से ज्यादा गुंडों को गिरफ्तार किया।
कहीं सख्ती, कहीं नरमी बरतते दी चेतावनी
थाना कोतवाली पुलिस ने शहर के घासपुरा, कंजर मोहल्ला, भगतसिंह चौक, चेतन मंडलोई की गली आदि स्थानों पर दबिश देकर घरों में सर्चिंग की। आरोपी अब्दुला, रियाज के घर कई देर तक दरवाजा खटखटाया। परिवार वाले नींद ले रहे थे। इतने में पुलिस दरवाजा तोड़ने की कार्रवाई शुरु करती तब तक परिवार वाले जाग उठे। घर की सर्चिंग में दोनों बदमाश नहीं मिले। पुलिस ने चेतावनी दी कि दो दिन में सरेंडर करवा देना।
तरीका भी बताया.. जमानत पर आ जाओ
पुलिस ने फरार आरोपियों के परिजनों को चेतावनी के साथ सलाह भी दी। इसके दो उदाहरण है, पहला भगतसिंह चौक पर चेतन मंडलोई की गली में टीआई बलजीतसिंह बिसेन ने आरोपियों के परिजन से कहा कि, तुम्हारे बेटे को सरेंडर करवा देना, वरना पोते को आरोपी बनाने के साथ मकान के अतिक्रमण का हिस्सा तोड़ दूंगा। वहीं दूसरी तरफ नरमी बरतते हुए कहा, हम परेशान हो रहे है, आरोपी से कहो कि थाने आकर सरेंडर करें और बाद भी जमानत पर छूटकर आए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.