नगरीय क्षेत्र में प्लास्टिक बैग प्रतिबंधित है। इसके बावजूद अमानक पाॅलीथिन का उपयाेग हाे रहा है। लाेगाें काे जागरुक करने के लिए गुरुवार से निगम द्वारा ‘वादा करो’ जागरुकता अभियान शुरू किया जाएगा। 15 से 30 जुलाई तक यह अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन विभाग की बुधवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया।
आयुक्त सविता प्रधान ने बताया कि सुबह 11 बजे जनजागरुकता ‘वादा करो‘ रथ का शुभारम्भ विधायक देवेंद्र वर्मा द्वारा निगम प्रांगण में किया जाएगा। बैठक में आयुक्त ने प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी सखाराम भट्ट से कहा कि थैला बैंक प्रारंभ किया जाए। प्रत्येक वार्ड में लोगों को जागरूक करने के लिए सामाजिक संस्थाओं को कार्यक्रम में जोड़ा जाए। वार्ड स्तर पर जनप्रतिनिधियों से सहयोग प्राप्त करें।
इस दाैरान नोडल अधिकारी शाहीन खान ने बताया कि प्लास्टिक पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने के लिए निगम द्वारा लगातार जागरुकता अभियान चलाए गए। शहर के अधिकांश व्यापारियों ने अमानक पॉलीथिन का उपयोग बंद कर सहयोग किया है। फिर से शहरवासियों से पर्यावरण के लिए हानिकारक पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान में काेरोना के नियम का होगा पालन
वादा करो अभियान में कोविड-19 के नियमों का पालन किया जाएगा। अधीक्षण यंत्री कैलाश चौधरी द्वारा कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करने हेतु निर्देशित किया। बैठक में उपायुक्त दिनेश मिश्रा, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी सखाराम भट्ट, प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी जाकिर अहमद, जोन प्रभारी अजय पटेल, मनीष पंजाबी, जाफर अहमद, धीरज दवे एवं भुवन श्रीमाली सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.