खंडवा में एक महिला ने लिव इन पार्टनर की अपने प्रेमी जीजा के साथ मिलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर तालाब में फेंक दिया। लिव इन पार्टनर साली और जीजा के प्रेम में रोड़ बनने लगा था। दोनों आरोपियों ने पहले युवक के सिर पर सिलबट्टा से और फिर ब्लेड से गर्दन पर वार किए। इसके बावजूद युवक की सांसें नहीं रुकी तो तकिए से गला घोंट दिया।
घटना सोमवार रात शहर के रामनगर के मल्टी की है। इसका खुलासा बुधवार को पुलिस ने किया। मल्टी में करीब दो साल से रह रहे 26 साल के संजय का शव सोमवार रात तालाब में मिला था। उसके गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे। पुलिस ने जांच की तो मल्टी नंबर 15 में खून के धब्बों के निशान मिले। संजय के साथ एक महिला शबाना लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस ने शक के आधार पर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। सख्ती बरतने पर महिला ने अपने प्रेमी जीजा के साथ मिलकर युवक की हत्या की बात को स्वीकार कर लिया।
कोतवाली TI बीएल मंडलोई ने बताया कि मल्टी निवासी महिला ने 26 वर्षीय संजय को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था। इसके बाद संजय अपने माता-पिता को छोड़कर महिला के साथ लिव इन में रहने लगा। महिला सहित उसके तीन बच्चों का खर्च ठीक चल रहा था। महिला अपने पति को छोड़ चुकी थी। इस बीच जीजा और उसकी पत्नी यानी महिला की बहन के बीच हुए विवाद में जीजा हकीम अकेला पड़ गया तो उसका आना-जाना मल्टी नंबर 15 में शुरू हो गया। घर में हकीम को देख संजय और महिला के बीच कई बार विवाद हुए।
इधर, महिला भी धीरे-धीरे संजय से छुटकारा पाने की कोशिश कर रही थी। महिला अपने जीजा हकीम के प्यार में पड़ गई। फिर दोनों ने संजय को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की योजना बनाई। सोमवार रात करीब एक बजे महिला ने जीजा के साथ मिलकर संजय की हत्या कर दी। संजय की गर्दन पर करीब सात वार किए। मल्टी के कमरे में खून भर गया। हत्या के बाद दो-तीन घंटे तक पोंछा लगाकर खून को साफ कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। खून से सने कपड़े भी तालाब के आसपास फेंक दिए। लाश को बोरे में भर महिला और उसके प्रेमी ने उसे भी तालाब में फेंक दिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.