नेताजी कोरोना को लेकर लापरवाह हैं। ताजा मामला खंडवा का है। यहां भाजपा नगर अध्यक्ष सुधांशु जैन की पत्नी और पिता कोरोना पॉजिटिव हैं। दोनों होम आइसोलेट हैं। इसके बावजूद सुधांशु ने घर में रहने के बजाय वन मंत्री विजय शाह और कलेक्टर अनूप कुमार सिंह के साथ मंच साझा किया। मौका बुधवार को युवा दिवस के कार्यक्रम का था। उन्होंने मास्क भी नहीं लगाया था। सुधांशु यहां कई लोगों से मिले भी। पार्टी कार्यालय पर मानव श्रृंखला में भी हिस्सा लिया। मीडिया के सवाल पर मंत्री विजय शाह ने इसे गलत जरूर बताया, लेकिन कार्रवाई की बात से मुकर गए। मंच पर विधायक देवेंद्र वर्मा, BJP जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल सहित कुछ और नेता भी मौजूद थे।
सुधांशु जैन की पत्नी और पिता की रिपोर्ट पांच दिन पहले पॉजिटिव आई है। सुधांशु ने भी टेस्ट करवाया। इसमें उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। हालांकि, गाइडलाइन के मुताबिक उन्हें पब्लिक कार्यक्रमों में शिरकत नहीं करना चाहिए।
घर के बाहर न पर्चा लगाया और न कंटेनमेंट बनाया
BJP नेता सुधांशु जैन की रसूख के आगे स्वास्थ्य विभाग भी नतमस्तक है। परिवार में पत्नी और पिता संक्रमित हुए, तो कंटेनमेंट जोन तो दूर की बात, पर्चा तक नहीं लगाने दिया। पर्चा लगाया भी तो घर के पीछे वाले दरवाजे पर। घर के एक हिस्से में दुकान है, तो दूसरे में चक्की।
जिला महामारी विशेषज्ञ डॉक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि कॉन्टैक्ट हिस्ट्री के आधार पर पिछले सप्ताह सुधांशु जैन और उनके परिवार का सैंपल लिया गया था। सुधांशु जैन की रिपोर्ट निगेटिव और परिवार में पिता और पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
भाजपा नेता का 10 सदस्यीय परिवार
सराफा बाजार निवासी भाजपा नेता सुधांशु जैन का परिवार 10 सदस्यीय है। मां-बाप और दो भाइयों की पत्नियां और दो-दो बच्चे हैं। कार्यक्रम स्थल पर मीडियाकर्मियों ने जानना चाहा, तो जैन के साथ विधायक देवेंद्र वर्मा मौके से चले गए। सुधांशु जैन विधायक देवेंद्र वर्मा का करीबी हैं। बाद में सुधांशु जैन को फोन भी लगाया, लेकिन उन्होंने रिसीव नहीं किया।
क्या BJP नेता पर दर्ज होगी FIR
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में खंडवा में सैकड़ों लोगों ने जान गंवाई है। तीसरी लहर में संक्रमण तेजी से रफ्तार पकड़ रहा है। परिवार में संक्रमण के बाद भी BJP नेता ने सार्वजनिक कार्यक्रमों में शिरकत की। सवाल उठता है कि क्या BJP नेता पर आपदा अधिनियम में FIR दर्ज होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.