शाहरुख खान अभिनीत फिल्म पठान को बड़वाह में भी विरोध का सामना करना पड़ा। विहिप बजरंग दल के सदस्यों ने बुधवार शाम को सिनेमाघर पहुंचकर न सिर्फ फिल्म का विरोध किया। पोस्टर भी फाड़ कर उनमें आग लगा दी। विरोध के बीच थियेटर में बैठे लोग भी बाहर निकल गए। चलती फिल्म रोकना पड़ी।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि पठान फिल्म का प्रदर्शन नहीं रोका गया तो प्रदर्शन करेंगे। पठान फिल्म आज ही रिलीज हुई है। इसी दिन नगर की ममता टाॅकीज में भी फिल्म का प्रदर्शन किया गया। दोपहर 12 बजे व 3 बजे के दोनों शो निर्बाध तरीके से चले। शाम करीब 7.30 बजे विहिप-बजरंग दल के कार्यकर्ता ममता टाॅकीज पर नारेबाजी करते हुए पहुंचे। उन्होंने परिसर में नारेबाजी करते हुए, दीवारों पर लगे पठान मूवी के पोस्टर भी फाड़ दिए। पोस्टर में आग भी लगा दी।
पुलिस के सामने किया प्रदर्शन
प्रदर्शन की जानकारी लगने पर पुलिस भी मौके पहुंची। इस दौरान नारेबाजी सुनकर सिनेमाघर संचालक भी मौके पर आ गए। विरोध के चलते सिनेमा संचालक ने फिल्म बंद कर दी। जिसके चलते दर्शक भी उठकर बाहर निकल गए। करीब 15 मिनट तक नारेबाजी के बाद वहां से कार्यकर्ता रवाना हुए।
बड़वाह में नहीं चलने देंगे फिल्म
यहां विहिप-बजरंग दल के जिला सह संयोजक रितेश कौशल ने कहा कि हिंदू समाज चाहता है कि पठान मूवी न चले। यदि पठान मूवी चलती है तो इसके खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। यह मूवी कहीं भी चले, लेकिन बड़वाह में नहीं चलने देंगे। इस दौरान विहिप जिला उपाध्यक्ष मनोज जैन, सन्नी कुवादे, समीर माहुले, प्रवीण बैरागी, जितेन्द्रसिंह राजपूत, शुभम कौशल, आदित्य जोशी, लक्की राव आदि उपस्थित थे।
दर्शकों को लौटाए रुपए
विहिप-बजरंग दल के विरोध कारण शो रद्द होने से पहले सिनेमाघर के संचालक ने फिल्म चलने देने का निवेदन किया। कार्यकर्ताओं फिल्म के विरोध पर अड़ गए। इस पर शो रद्द करना पड़ा। संचालक ने फिल्म देखने आए 35 दर्शकों को उनके टिकट के रुपए लौटाए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.