प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत कृषक रबी साल 2022-23 की फसलों का बीमा 31 दिसंबर तक करा सकते है। ऋणी तथा अऋणी कृषक संबंधित बैंकों में 31 दिसंबर तक अपनी फसल का बीमा कराकर योजना में सम्मिलित हो सकते है। जिले के कृषकों में फसल बीमा के प्रति जागरुकता लाने और प्रचार-प्रसार करने के उद्देश्य से एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ लिमिटेड के प्रचार रथ को कृषि उप संचालक एमएल चौहान द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर कृषि सहायक संचालक प्रकाश ठाकुर, डॉ. मना सोलंकी, तकनीकी सहायक अशोक पटेल, नीतिश यादव, विनोद मोरे एवं इंश्योरेंस कंपनी के जिला प्रतिनिधि शुभम मंडलोई उपस्थित रहे।
31 दिसंबर तक चलेगी पंजीयन प्रक्रिया
रबी फसलों को प्राकृतिक आपदा से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों के पंजीयन करवाए जा रहे हैं। कृषि विभाग के सहायक संचालक प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पंजीयन प्रक्रिया 29 नवंबर से शुरू हो चुकी है, जो 31 दिसंबर तक चलेगी। जिले में इस साल 2 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बोवनी की गई है। वही 1 लाख 40 हजार हेक्टेयर में चने की बोवनी होना है। ठाकुर ने बताया कि वर्ष 2022-23 में 3 लाख 56 हजार 620 हेक्टेयर में रबी फसलों की बोवनी होना है। जिले में अब तक 52% रबी फसलों की बोवनी हो चुकी है। इसके साथ ही ठाकुर ने बताया कि गत वर्ष 1 लाख 19 हजार 243 किसानों ने फसल बीमा करवाया था। जिन्हें 80 करोड़ रुपए का क्लेम बीमा कंपनी द्वारा रबी फसल के नुकसानी पर दिया गया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.