खरगोन में तापमान में लगातार नए रिकॉर्ड कायम कर रहा है। पिछले दो दिनों तापमान में लगातार वृद्धि से जिला लू के प्रभाव में है। शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने से तापमान में जरुर गिरावट हुई। लेकिन गर्म हवाओं से छुटकारा नहीं मिला। बढ़ती गर्मी के चलते अब मशीनों के लिए भी पंखे और कूलर की व्यवस्था की गई है। शहर के खंडवा रोड स्थित विद्युत वितरण केंद्र पर लगे ट्रांसफार्मरों को 45 डिग्री तापमान में ठंडा रखने के लिए बिजली कंपनी के अधिकारियों ने पंखे और कूलर लगाए हैं।
कंपनी के कार्यपालन यंत्री श्रीकांत बारसकर ने बताया कि शहर में बढ़ते तापमान के साथ ही दोपहर के समय बिजली के ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखना जरुरी है। क्योंकि गर्मी में लोड बढ़ने के साथ ही ट्रांसफार्मरों पर दबाव पड़ता और गर्म होते हैं। तेज धूप और मशीनों को गर्म होने से बचाने के लिए ताकि शहर की बिजली व्यवस्था सुचारु बनी रहे। इसलिए ट्रांसफार्मरों के आसपास पंखे और कूलर लगाए गए है।वहीं गर्मी से राहत पाने के लिए बाजार में इन दिनों नारियल पानी की बिक्री भी बढ़ी है।
फल विक्रेता अभिषेक साल्वे ने बताया कि वे प्रतिदिन 150 से 200 नारियल बेच रहे हैं। शहर में एक दिन में करीब डेढ़ हजार से अधिक नारियल की बिक्री होती है। वर्तमान में 50 रुपये का एक नारियल बेच रहे हैं। वहीं, मौसम केंद्र के अनुसार जिल में तीव्र लू का प्रभाव बताया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार प्रदेश में जल्द मानसून दस्तक देगा। वहीं प्री-मानसून की शुरुआत आगामी एक सप्ताह में होने की बात कही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.