खरगोन जिला पंचायत सदस्यों की जानकारी:करोड़पति से लेकर मजदूर, पेशनर सहित गृहणियां भी शामिल

खरगोनएक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जिला पंचायत के 26 वार्ड में चुनकर आए नवनिर्वाचित सदस्यों में करोड़ पति से लेकर मजूदरी करने वाले सदस्यों के साथ ही पेंशनर और गृहणियां विजयी प्रत्याशी भी शामिल है। इनमें सबसे ज्यादा धनवान सदस्य वार्ड 10 की भाजपा प्रत्याशी उमा लक्ष्मणसिंह काग है। इनके पास करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये की संपत्ति है। इन पर करीब 24 लाख रुपए का कर्ज भी है। दूसरे नंबर पर वार्ड 8 की कांग्रेस प्रत्याशी कमला केदार डावर का नाम है। इनके पास करीब ढाई करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं करीब डेढ़ करोड़ का बैंक ऋण भी है। ये पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी है। तीसरे नंबर पर वार्ड क्रमांक 1 के कांग्रेस प्रत्याशी रेवाराम पिता औंकरलाल है। इनके पास 1 करोड़ 30 रुपये की संपत्ति है। चौथे नंबर पर कांग्रेस के वार्ड 24 के प्रत्याशी निर्मल भंगी है। इनके पास करीब 1 करोड़ की संपत्ति है। इन नवनिर्वाचित सदस्यों की चल-अंचल संपत्ति करोड़ों की है। शुक्रवार को सारणीकरण के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार पुरुषोत्तम और निर्वाचन प्रेक्षक पीएल सोलंकी ने जिला पंचायत सदस्य पद के नवनिर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र प्रदान किये गए। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कुमार ने कहा कि पंचायतीराज संस्थाओं का मतलब ही है कि चुने हुए जनप्रतिनिधि जनता के हितों में काम करे। कुमार ने जीतने वाले सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि अगले 5 वर्षों तक जिले के विकास के लिए काम करेंगे।

इनके पास नहीं है कोई भी संपत्ति, मजदूर और पेंशनर भी बने सदस्य

वार्ड 15 की भाजपा प्रत्याशी संगीता कमल कानुडे भी जिला पंचायत का चुनाव जीती है। इनके पास कोई भी संपत्ति नहीं है। इसका उल्लेख इन्होंने शपथ पत्र में भी किया है। वार्ड क्रमांक 16 के भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकश मांगीलाल के पास 5 लाख 70 हजार की संपत्ति है। लेकिन इन्होंने शपथ पत्र में आय का साधन मजदूरी दर्शाया है। भाजपा के वार्ड 23 से जीत कर आए प्रत्याशि भुक्कनसिंह वारिया बीए पास है और वे एक पेंशनर है। उन्होंने शपथ-पत्र में 12 लाख 10 हजार की चल और अचल संपत्ति दर्शायी है।

यह भी है रोचक आंकड़ा
जिला पंचायत के नवनिर्वाचित 26 सदस्यों में से 18 सदस्य कृषि और खेती किसानी कर आय प्राप्त करते है। वहीं पांच महिला सदस्य अब घर के साथ ही जिला पंचायत में सदस्य के पद पर विराजित होकर संबंधित वार्डों की व्यवस्था संभालेगी। कृषि करने वाले प्रत्याशियों में वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 4, 5, 6, 7, 11, 12, 14, 17, 18, 19, 20, 21, 22, 24 और 25 के प्रत्याशी शामिल है। गृहणियों में वार्ड क्रमांक 8, 9, 13, 15 और 26 की महिला प्रत्याशी शामिल है।