मंडला पहुंचे केंद्रीय मंत्री एवं सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कमलनाथ द्वारा हनुमानजी की तस्वीर और मंदिर आकृति का केक काटे जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर भी निशाना साधा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस में भगदड़ की स्थिति है। हमने दरवाजा खोल कर रखा है।
केंद्रीय मंत्री कुलस्ते सिवनी जाने के दौरान मंडला सर्किट हाउस में रुके थे। जहां उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान ये बातें कही। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी पता नहीं क्या-क्या करते रहते हैं। कभी केक काटते हैं तो कभी मंदिर में चले जाएंगे। भगवान ने कभी किसी को रोका नहीं, जाना चाहिए, पर भगवान से भी उनको परहेज है। इस प्रकार के ये लोग हैं, आज धीरे-धीरे उनकी (भगवान की) शरण में जाना शुरू हो गया।
कांग्रेस में मची है भगदड़
उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा पर चर्चा करते हुए कहा कि अभी राहुल गांधी मध्यप्रदेश आने वाले हैं तो कहां जाएंगे, महाकाल, फिर जाएंगे डॉ.भीमराव अंबेडकर। पहले क्यों नहीं गए, पहले भी तो जा सकते थे। फिर कहते हैं हमारे पिताजी ने भगवान राम का गेट खुलवाया था। इनके तर्क बहुत हैं, जब बुद्धि खराब होती है तो ऐसे ही होता है। इसलिए आज कांग्रेस में भगदड़ मची है। लोग भाग रहे हैं, छोड़ रहे हैं कितने लोग चले गए। हम लोग इसलिए दरवाजा खोल कर रखे हैं कि सावधानी से आना है तो आ जाओ।
एसएसजी से महिलाओं का सशक्तिकरण
उन्होंने महिला स्व सहायता समूह पर चर्चा करते हुए कहा कि स्व सहायता समूह के माध्यम से हमने महिलाओं का सशक्तिकरण किया है। देश में 2014 के पहले 2.34 करोड़ सेल्फहेल्प ग्रुप की महिलाएं थी हमने 8 वर्षों में 9 करोड़ किया है। सरकार हमारी है तो हमारी जिम्मेदारी हम समझते हैं। सेल्फ हेल्प ग्रुप की माता बहनों को हम जितना लाभ पहुंचा सकते हैं। हमारी कोशिश है कि एक एक महिला को उनके खाते में कम से कम 1 लाख रुपए सालाना बचत होना चाहिए, इस प्रकार का प्रयास भी हम कर रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.