शाहरुख खान की फिल्म पठान के रिलीज होने पर आज सिवनी मालवा में भी पुरजोर विरोध देखा गया। विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ता फिल्म के विरोध में गीता सिनेप्लेक्स पहुंचे, जहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की और पठान फिल्म का पोस्टर जलाकर प्रदर्शन भी किया।
इस फिल्म के रिलीज होने पर नगर के सिनेमाघर में पोस्टर बैनर लगाए गए थे। वहीं विहिप बजरंग दल के शिव राठौर ने बताया कि सिनेमाघरों के संचालकों से यह फिल्म न चलाए जाने को लेकर चर्चा की है, यदि फिर भी मूवी चलती है, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। टॉकीज संचालक ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह उक्त फिल्म अपनी टॉकीज में प्रदर्शित नहीं करेगा।
बुधवार को सिनेमा घरों में जैसे ही फिल्म पठान प्रदर्शित हुई, विहिप कार्यकर्ताओं के ओर से फिल्म का विरोध भी शुरू हो गया। शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की ओर से अभिनीत इस फिल्म को लेकर बजरंग दल ने शहर के सिनेमाघर के बाहर सुबह से ही प्रदर्शन शुरू कर दिया था और जमकर नारेबाजी की।
बता दें कि ये सारा बवाल फिल्म के 'बेशरम रंग’ गाने को लेकर शुरू हुआ। इस गाने में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को भगवा रंग की बिकिनी में दिखाने के लिए 'पठान' को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। विहिप सहित कई संगठनों के नेताओं ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.