मध्यप्रदेश में 24 घंटे में 18 कोरोना संक्रमित मिले हैं। भोपाल में लगातार दूसरे दिन सोमवार को सबसे ज्यादा 7 पॉजिटिव आए हैं। महाराष्ट्र की सीमा से लगे बैतूल में एक दिन में 5 पॉजिटिव मिलने से डर बढ़ गया है। यहां मिले संक्रमितों में 10 साल का बच्चा भी शामिल है। इंदौर में 5, जबलपुर में 1 मरीज मिला है। इंदौर में भी 5 से 16 साल के 11 बच्चे पॉजिटिव मिल चुके हैं, जिनमें से अभी 6 एडमिट हैं। हाई रिस्क कंट्री नाइजीरिया से लौटे 8 और 14 साल के भाई-बहन आइसोलेट हैं। जीनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट का इंतजार है।
प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 164 पहुंच गई है। प्रदेश में 26 दिन में 409 संक्रमित मिल चुके हैं। सबसे ज्यादा भोपाल में 178 और इंदौर में 142 शामिल हैं। भोपाल में अभी 72 एक्टिव केस हैं। इनमें 41 होम आइसोलेशन में और 31 अस्पताल में भर्ती हैं।
प्रदेश में 7 लाख 93 हजार 387 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 694 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना के कारण 10 हजार 529 की जान जा चुकी है। रविवार को 15 मरीज ठीक हुए। वहीं, करीब 51 हजार सैंपल जांच करने लिए गए। रिकवरी रेट 98% से अधिक है।
बैतूल में 4 महीने बाद एक साथ 5 केस
बैतूल में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। सोमवार को 5 नए पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमितों में 10 साल का बच्चा, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। इनमें चार शाहपुर और एक आमला का रहने वाला है। इससे पहले बैतूल में 31 जून को एक साथ 5 केस मिले थे। पढ़िए पूरी खबर
इंदौर में पॉजिटिव मिले सभी बच्चे एसिम्प्टोमैटिक
सोमवार को 5 लोग डिस्चार्ज जरूर हुए, लेकिन इतने ही मरीज मिलने से एक्टिव मरीज की संख्या 55 ही है। दिसम्बर में अब तक 11 बच्चे भी पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से 6 एक्टिव हैं। सभी एसिम्प्टोमैटिक हैं। सोमवार को 4723 सैम्पल टेस्ट किए गए थे, जिनमें से 4710 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इंदौर में अब तक 153422 मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से 151974 स्वस्थ हो चुके हैं। पढ़िए पूरी खबर
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.