मध्यप्रदेश में कोरोना के मरीजों को डेंगू भी हो गया। बीते 24 घंटे में कोरोना के 6 नए केस सामने आए। इनमें से 4 राजगढ़ जबकि 1-1 सिंगरौली और इंदौर जिले के हैं। एक दिन पहले भी राजगढ़ में 4 नए केस मिले थे। राजगढ़ के महामारी नियंत्रक डॉ. महेंद्रपाल सिंह ने बताया कि दो दिनों में पॉजिटिव मिले ये सभी 8 मरीज सारंगपुर में न्याय विभाग के कर्मचारी हैं, जो एक-दूसरे के संपर्क में आने से संक्रमित हुए होंगे।
महामारी नियंत्रक ने बताया कि 8 कोरोना संक्रमितों में से 2 कर्मचारियों में गुरुवार को डेंगू की भी पुष्टि हुई है। हालांकि शुक्रवार को दोनों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालत ठीक बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने इन्हें होम आइसोलेट किया है, वहीं संपर्क में आने वालों के टेस्ट भी कराए जा रहे हैं।
प्रदेश में अब 110 एक्टिव केस
बीते 10 दिनों में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, रतलाम, उज्जैन के अलावा राजगढ़, अनूपपुर, बैतूल, निमाड़ी, रायसेन आदि छोटे जिलों में भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। प्रदेश में अब तक कोरोना के चलते 7 लाख 92 हजार 370 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 81 हजार 743 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। कोरोना के कारण अब तक 10 हजार 517 लोगों की जान जा चुकी है। शुक्रवार को 16 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में रिकवरी रेट अभी 98.65% हैं। पॉजिटिविटी दर 0.01% है। 110 एक्टिव केस हैं। 24 घंटे के भीतर इंदौर में भी एक केस सामने आया है।
भोपाल में जीरो केस
बीते 24 घंटे में भोपाल में एक भी नया केस सामने नहीं आया। 3 संक्रमित ठीक होकर घरों को लौटे। वर्तमान में भोपाल में एक्टिव केस 18 हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.