मध्यप्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी है। नर्मदा, चंबल, बेतवा, ताप्ती, शिप्रा उफान पर हैं। छोटी नदियां और नाले भी उफनाए हुए हैं। कई बांधों के गेट खोलने पड़ गए हैं। मौसम विभाग ने गुना, राजगढ़, आगर मालवा, रतलाम, नीमच और मंदसौर जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। इधर शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया तहसील में पदस्थ तहसीलदार नरेंद्र सिंह ठाकुर सीहोर के पास सिवान नदी में पुलिया पार करते हुए बह गए हैं। उनकी तलाश जारी है।
इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदापुरम के सेठानी घाट पहुंचकर बाढ़ के हालातों का जायजा लिया। नर्मदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान ने आधा फीट नीचे हैं। खंडवा जिले में इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर डैम के गेट खोलने के बाद जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है। मोरटक्का पुल से आवागमन बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रेस्क्यू शुरू किया है।
भोपाल में दो दिन से लगातार बारिश के कारण भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने मंगलवार को सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों की छुट्टी कर दी। भोपाल के तीनों बांध कलियासोत, भदभदा और कोलार के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। भोपाल में 24 घंटे में 5 इंच पानी गिर चुका है। इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर में भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। अशोकनगर में बेतवा पर बने राजघाट बांध के सभी 18 गेट खोले गए हैं। मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश को जोड़ने वाले रास्ते पर 8 फीट पानी है। रोड पर ट्रैफिक रोक दिया गया है।
इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पचमढ़ी से परिवार के साथ नर्मदापुरम पहुंचे। उनके साथ पत्नी साधना सिंह, बेटा कार्तिकेय और कुणाल मौजूद थे। CM ने नर्मदापुरम के सर्किट हाउस में बाढ़ और बारिश के संबंध में चर्चा की और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वे नर्मदा का जलस्तर देखने सेठानी घाट पहुंचे। सीएम ने कलेक्टर और अन्य अफसरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की।
इंदौर के पातालपानी, तिंछा फॉल, चोरल जाने पर रोक
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग भोपाल मध्यप्रदेश ने इंदौर जिले में अगले 15 दिन भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। कलेक्टर मनीष सिंह के निर्देश पर एहतियात के तौर पर तत्काल प्रभाव से महू क्षेत्र के सभी घाट, मछुआरों का नदियों में आवागमन और अतिवृष्टि वाले क्षेत्रों में पिकनिक स्पॉट पर जाने को बैन कर दिया गया है। महू SDM अक्षत जैन ने महू क्षेत्र के ऐसे सभी स्थानों पर धारा 144 लागू कर दी है। यह आदेश महू, किशनगंज, बडगोंदा, मानपुर, सिमरोल की सीमा में लागू रहेंगे
नर्मदापुरम में नर्मदा खतरे के निशान के करीब
नर्मदापुरम में सेठानी घाट पर नर्मदा का जलस्तर 966.50 फीट पहुंच चुका है। यह खतरे के निशान से आधा फीट नीचे हैं। अलार्म लेवल 964 फीट से ढाई फीट लेवल ज्यादा है। नर्मदा में आज रात तक या बुधवार सुबह तक बरगी डैम का पानी आ जाएगा। नर्मदापुरम में बाढ़ की स्थिति न बने और पानी का फ्लोर कम करने के लिए तवा डैम और बारना डैम के कुछ गेट बंद किए गए हैं। अभी नर्मदा का जलस्तर 966.5 फीट है। बरगी डैम का पानी रात तक पहुंचने के बाद 4 से 5 फीट जलस्तर बढ़ने की आशंका है।
रायसेन में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड
प्रदेश में 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश रायसेन में 7 इंच रिकॉर्ड हुई। रायसेन की निचली बस्तियों में पानी भर गया, पेट्रोल पंप डूब गया। मंदसौर में शिवना नदी उफनाने से पशुपतिनाथ मंदिर में पानी आ गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टर्स से प्रदेश के सभी बांधों के जलस्तर की जानकारी ली है। मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम कमिश्नर के साथ ही भोपाल, रायसेन, विदिशा, सीहोर कलेक्टरों से बात करके बारिश से प्रभावित इलाकों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
24 घंटे में कहां-कितनी बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा बारिश रायसेन में 7 इंच हुई। पचमढ़ी और भोपाल में साढ़े 5 इंच, नर्मदापुरम, सागर में साढ़े 3-3 इंच, ग्वालियर, मंडला, नरसिंहपुर में 3-3 इंच, गुना, जबलपुर, बैतूल, दमोह, रतलाम, शिवपुरी में 2-2 इंच, उज्जैन में डेढ़ इंच पानी गिरा। सिवनी, खंडवा, उमरिया, मलाजखंड, छिंदवाड़ा, नौगांव, धार में 1-1 इंच बारिश हुई। इंदौर, खरगोन और दतिया में आधा-आधा इंच बरसात हुई। सतना, रीवा, खजुराहो और सीधी में भी बारिश हुई।
भोपाल में दो दिन से तेज बारिश
भोपाल में लगातार दो दिन से तेज बारिश हो रही है। सोमवार रातभर से अभी तक बारिश का दौर जारी है। भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने अत्यधिक बारिश को देखते हुए सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों में आज मंगलवार 16 अगस्त का अवकाश घोषित किया है। राजधानी में 1 जून से अब तक सामान्य से 75% ज्यादा पानी गिर चुका है। सामान्य तौर पर अब तक 24 इंच बरसात होना चाहिए थी, लेकिन पानी 50 इंच तक गिर चुका है। पूरी खबर पढ़ें...
नर्मदापुरम में स्कूलों में छुट्टी
नर्मदापुरम में भी सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। यहां नर्मदा खतरे के निशान के करीब बह रही है। निचली बस्तियों में पानी आने लगा है। लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है। तवा डैम के 9 गेट 12 फीट तक खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
नर्मदापुरम शहर का हरदा और बैतूल से संपर्क टूट गया है। औबेदुल्लागंज-बैतूल नेशनल हाईवे पर सुखतवा नदी के पुल पर पानी है, जिससे करीब 11 घंटे से NH-69 बंद है। नर्मदापुरम- हरदा स्टेट हाईवे पर हथेड़ नदी पर बाढ़ का पानी आने से मार्ग बंद हो गया। बाढ़ के खतरे को देखते हुए अफसरों ने संजय नगर, आदमगढ़, महिमानगर, बंगाली कॉलोनी, खोजनपुर के रहवासियों को राहत शिविर में पहुंचने की मुनादी कराई है। राजगढ़ और सीहोर में भी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। नर्मदापुरम में बाढ़ के हालात
इंदौर में रात भर में आधा इंच बारिश
इंदौर में सोमवार को मौसम खुलने के साथ बीच-बीच में बादल छाए, लेकिन शाम 7 बजे से हल्की बारिश शुरू हो गई, जो दो घंटे तक होती रही। इसके बाद रात 1 बजे रिमझिम, तो कहीं हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में आधा इंच बारिश हुई। इस तरह इस बार अब तक 33 इंच बारिश हो चुकी है। मंगलवार को भी अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है।
बरगी डैम के गेट भी खुले
जबलपुर से लेकर पचमढ़ी, रायसेन, बैतूल और ग्वालियर तक जोरदार बारिश से हालात खराब हैं। जबलपुर में भी नर्मदा पर बने बरगी बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। सोमवार को रायसेन में जोरदार बारिश के कारण बेगमगंज में बीना नदी के पास पुल धंस गया। इससे तीन दर्जन से ज्यादा गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। सीहोर के शाहगंज के जंगल में अमरगढ़ जलप्रपात पर पिकनिक मनाने आए भोपाल के 8 युवक वॉटरफॉल में फंस गए हैं। रात को युवकों ने डायल-100 पर सूचना दी। शाहगंज थाना पुलिस युवकों के रेस्क्यू में जुटी है।
यह सिस्टम बन रहा
वर्तमान में पूर्वी मध्यप्रदेश के ऊपर अति लो प्रेशर जबलपुर से 120 किमी पूर्व में सक्रिय है। जिसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर गतिमान रहने के साथ कमजोर होने की संभावना बनी हुई है। वहीं, पूर्वोत्तर अरब सागर और समीपवर्ती दक्षिणी पाकिस्तान में लो प्रेशर क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। मानसून ट्रफ जैसलमेर-गुना से लेकर सागर से होते हुए बालासोर तथा पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैला है। साथ ही उत्तर-दक्षिण ट्रफ लाइन कर्नाटक से कोमरीन सागर तक गुजर रही है। दक्षिणी गुजरात से महाराष्ट्र तट तक अपतटीय ट्रफ सक्रिय है। वहीं अफगानिस्तान के आसपास मध्य क्षोभमंडल की पछुवा पवनों के बीच एक ट्रफ के रूप में पश्चिमी विक्षोभ (पाकिस्तान से आने वाली हवाएं) भी अवस्थित है।
1 जून से अब तक प्रदेश में बारिश हुई (आंकड़े इंच में)
जिला | बारिश हुई | बारिश इंच में 30 जून तक हुई | बारिश % में |
अनूपपुर | 27.91 | 26.42 | 106 |
बालाघाट | 41.85 | 33.62 | 124 |
छतरपुर | 21.30 | 23.94 | 89 |
छिंदवाड़ा | 46.46 | 26.06 | 178 |
दमोह | 23.82 | 28.86 | 83 |
डिंडोरी | 25.63 | 31.61 | 81 |
जबलपुर | 27.52 | 29.17 | 94 |
कटनी | 20.51 | 24.57 | 83 |
मंडला | 36.57 | 32.28 | 113 |
नरसिंहपुर | 30.20 | 26.34 | 115 |
निवाड़ी | 16.97 | 18.78 | 90 |
पन्ना | 24.84 | 27.91 | 89 |
रीवा | 14.88 | 24.88 | 60 |
सागर | 35.24 | 28.43 | 124 |
सातना | 19.69 | 24.45 | 81 |
सिवनी | 39.96 | 27.36 | 146 |
शहडोल | 23.74 | 25.31 | 94 |
सीधी | 15.08 | 25.47 | 59 |
सिंगरौली | 15.51 | 21.97 | 71 |
टीकमगढ़ | 18.43 | 24.76 | 74 |
उमरिया | 22.99 | 26.34 | 87 |
आगर मालवा | 33.78 | 23.74 | 142 |
अलीराजपुर | 15.55 | 22.95 | 68 |
अशोकनगर | 27.87 | 22.56 | 124 |
बाड़वानी | 20.28 | 17.01 | 119 |
बैतूल | 49.62 | 27.13 | 179 |
भिंड | 16.57 | 15.94 | 104 |
भोपाल | 49.35 | 25.00 | 193 |
बुरहानपुर | 29.41 | 18.74 | 157 |
दतिया | 12.72 | 19.53 | 65 |
देवास | 39.06 | 23.58 | 166 |
धार | 20.28 | 20.98 | 97 |
गुना | 35.98 | 25.08 | 143 |
ग्वालियर | 18.94 | 18.11 | 105 |
हरदा | 45.79 | 29.09 | 157 |
इंदौर | 27.52 | 22.13 | 124 |
झाबुआ | 19.37 | 23.19 | 84 |
खंडवा | 28.27 | 20.75 | 136 |
खरगोन | 21.93 | 18.74 | 117 |
मंदसौर | 24.37 | 21.81 | 112 |
मुरैना | 16.69 | 17.20 | 97 |
नर्मदापुरम | 50.28 | 32.44 | 155 |
नीमच | 29.96 | 20.63 | 145 |
रायसेन | 40.63 | 28.15 | 144 |
राजगढ़ | 39.45 | 23.35 | 169 |
रतलाम | 27.28 | 23.74 | 115 |
सीहोर | 42.52 | 27.48 | 155 |
शाजापुर | 32.17 | 23.62 | 136 |
श्योपुरकलां | 27.83 | 18.54 | 150 |
शिवपुरी | 23.70 | 21.42 | 111 |
उज्जैन | 28.07 | 22.99 | 122 |
विदिशा | 41.30 | 27.09 | 152 |
ये भी पढ़िए:-
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.