राजगढ़ में टेम और सुठालिया बांध के मुद्दे पर प्रभावित किसानों के प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कराने के लिए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह 21 जनवरी को धरने पर बैठे थे। यहां उनका साथ देने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ भी पहुंचे। इस दौरान दोनों दिग्गजों के बीच हुई तकरार का वीडियो सामने आया है। खास बात ये है कि 23 जनवरी को कमलनाथ, दिग्विजय के साथ मुख्यमंत्री आवास जाकर शिवराज से मुलाकात भी कर चुके हैं। इसके बाद सामने आए वीडियो ने कांग्रेस में चल रही खेमेबाजी को फिर से उजागर कर दिया है।
दरअसल दिग्विजय को सीएम हाउस की ओर आगे नहीं बढ़ने दिया गया था तो वे धरने पर बैठ गए थे। इस धरने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी पहुंचे। इस बीच दोनों पूर्व मुख्यमंत्रियों के बीच हॉट टॉक भी हुई। जिसका वीडियो अब सामने आया है।
वीडियो में कमलनाथ दिग्विजय से कहते हैं, 'ये बात तो मुझे बताई ही नहीं, चार दिन पहले तो हम मिले थे। इसके बाद मैं छिंदवाड़ा चला गया।' जवाब में दिग्विजय कहते हैं, 'नहीं आपको बताने की जरूरत इसलिए नहीं थी, बात ये है कि हम तो डेढ़ महीने से मांग रहे हैं, अब मुख्यमंत्री से मिलने के लिए भी आपके जरिए समय मांगे हम लोग।' इसके बाद कमलनाथ कहते हैं, 'that is true' (ये तो सच है)।
सड़क पर दिखने लगा है कमलनाथ और दिग्विजय का झगड़ा
कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के वीडियो पर चुटकी लेते हुए बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने चुटकी ली है। केसवानी ने कहा है कि दोनों नेताओं के बीच चल रही अनबन अब सड़कों पर दिखाई दे रही है। बीजेपी प्रवक्ता ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के किसान प्रेम को ढोंग बताते हुए कहा है कि आतंकवादियों को जी, हिंदुओं को आतंकवादी बताने वाले दिग्विजय कभी किसानों का हित नहीं सोच सकते। दिग्विजय खुद भी 10 साल प्रदेश के सीएम रहे हैं और प्रदेश को बंटाधार करने का श्रेय दिग्विजय सिंह जी को है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.