मध्यप्रदेश आज कड़ाके की ठंड की चपेट में रहा। तेज ठंडी हवाओं से लोग दिनभर ठिठुरते रहे। इंदौर और भोपाल समेत 10 जिलों में दिन का पारा 19 डिग्री के नीचे आ गया। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां सबसे कम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रायसेन में भी पारा 17.6 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। इंदौर और भोपाल ग्वालियर से भी ठंडे रहे। इंदौर में पारा 18.8 डिग्री और भोपाल में 19.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि ग्वालियर में दिन का पारा 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इंदौर, रायसेन, धार, खंडवा, उज्जैन और बैतूल में दिन का पारा सामान्य से 8 डिग्री से भी ज्यादा कम रहा। भोपाल, जबलपुर, गुना, टीकमगढ़, सागर, नौगांव, खजुराहो, मलजखंड, मंडला, छिंदवाड़ा, रतलाम और शाजापुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश के अनुसार 4 दिन तक इसी तरह ठंड रहेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान नीचे जा सकता है। बुंदेलखंड, महाकौशल और बघेलखंड में तापमान 3 से 5 डिग्री और पश्चिमी इलाके जैसे- इंदौर, उज्जैन के साथ ही साथ भोपाल और ग्वालियर-चंबल में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।
यहां 27 तक कोल्ड डे
उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर, चंबल, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, सागर, दमोह, बैतूल, इंदौर, धार, खंडवा और खरगोन में कोल्ड डे रह सकता है। 26 और 27 जनवरी तक ऐसी ही स्थिति रहेगी। तेज हवाओं के कारण दिन में ज्यादा ठंड रहेगी।
राजधानी में रात ठंडी, पचमढ़ी सबसे ठंडा
राजधानी भोपाल, धार, रायसेन और रतलाम में कोल्ड वेव रही। भोपाल में रात का पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस आ गया जबकि सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
यहां रातें ज्यादा ठंडी
शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
पचमढ़ी | 2.6 |
रायसेन | 4.2 |
भोपाल | 5.5 |
नौगांव | 5.5 |
यहां 10 से ऊपर रहा रात का पारा
शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
सीधी | 12.6 |
नरसिंहपुर | 12.0 |
सिवनी | 11.0 |
सतना | 10.7 |
एमपी के चार प्रमुख शहरों की स्थिति
शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
ग्वालियर | 7.5 |
इंदौर | 7.8 |
भोपाल | 5.5 |
जबलपुर | 9.6 |
ये भी पढ़ें:-
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.