मध्यप्रदेश में बारिश-ओले गिरने के बाद से ठिठुरन बढ़ गई है। गलन वाली ठंड ने जोर पकड़ लिया है। प्रदेश में सर्द हवाएं कंपकंपी छुड़ा रही हैं। भोपाल-इंदौर और दूसरे अन्य शहरों में तो रात का पारा 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। कुछ हिस्सों में तो तापमान 5 डिग्री से भी नीचे रिकॉर्ड हुआ। उज्जैन भी ठंडा हो गया है। यहां रात का पारा 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि अगले 3 दिन तक इसी तरह ठंड पड़ेगी। इस बार संक्रांति पर कड़ाके की ठंड रहेगी। इसके बाद एक बार फिर मौसम में बदलाव होगा। 20 जनवरी के बाद प्रदेश में एक बार फिर बारिश होने की संभावना है। यह इस सीजन का आखिरी सिस्टम हो सकता है।
प्रदेश अति शीतलहर की चपेट में
मध्यप्रदेश में ठंड का आलम यह है कि दिन में पारा 20 डिग्री और रात में 10 डिग्री के नीचे लुढ़क चुका है। लगभग सभी इलाकों में जोरदार ठंड पड़ रही है। धार, गुना, राजगढ़, रतलाम, शाजापुर और उज्जैन में तो पारा 6 डिग्री के नीचे चला गया। ग्वालियर और इंदौर में यह 7 डिग्री पर अटका हुआ है। भोपाल में भी 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। यह 8 डिग्री पर आ गया है। ग्वालियर में ठंड के साथ कोहरा भी छाया हुआ है। यहां सुबह के समय दृश्यता 500 मीटर रह गई थी। पश्चिमी मध्यप्रदेश की बात करें तो छिंदवाड़ा और मंडला में कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई है।
इस सिस्टम से आ रहीं सर्द हवाएं
उत्तरी राजस्थान के ऊपर चक्रवाती गतिविधियां बनी हुई हैं। हरियाणा में भी साइक्लोन है। दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उत्तरी कोंकण क्षेत्र से लेकर दक्षिण-पूर्व मध्यप्रदेश और झारखंड तक एक ट्रफ लाइन है। यही गतिविधियां चक्रवाती रूप में हैं। इन्हीं कारणों से मध्यप्रदेश में ठंड पड़ रही है।
सिवनी के 150 से ज्यादा गांवों में ओले गिरे
मध्यप्रदेश में ओलावृष्टि ने कश्मीर और कुल्लू सी तस्वीर पेश की है। मंगलवार शाम सिवनी के 150 से ज्यादा गांवों में ओले गिरे। खेतों, सड़कों पर सफेद चादर सी बिछ गई। प्रदेश में अब तक 12 से ज्यादा जिलों में ओले गिर चुके हैं।
रात का पारा यहां कम रहा
शहर | तापमान |
उज्जैन | 4.5 |
शाजापुर | 5.4 |
रतलाम | 5.6 |
धार | 6.0 |
चार प्रमुख शहरों में रात का पारा
शहर | तापमान |
ग्वालियर | 7.0 |
इंदौर | 7.4 |
भोपाल | 8.0 |
जबलपुर | 13.3 |
तापमान डिग्री सेल्सियस में।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.