मध्यप्रदेश में 24 घंटे में 14 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। एक दिन बाद फिर भोपाल में सबसे ज्यादा 7 पॉजिटिव आए हैं। इसमें यूके और कनाडा से लौटे दो व्यक्ति भी शामिल हैं। इन दोनों को भोपाल के काटजू अस्पताल में अन्य मरीजों से आईसोलेट करके रखा गया है। इनके सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। दोनों के घर को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। इसके अलावा इंदौर में 6 और बैतूल में एक युवक पॉजिटिव मिला है।
प्रदेश में मंगलवार को 13 मरीज ठीक भी हुए हैं। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या 141 हो गई है। प्रदेश में 20 दिन में 302 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। रोजाना औसत 15 केस मिल रहे हैं। इन 20 दिनों में सबसे ज्यादा 136 पॉजिटिव भोपाल में आए हैं। यहां रोज औसतन 7 केस आ रहे हैं। इसके अलावा 20 दिन में इंदौर में 106 संक्रमित मिले हैं।
प्रदेश में अब तक 7 लाख 93 हजार 280 पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 610 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना से अब तक 10 हजार 529 लोगों की जान जा चुकी है। मंगलवार को 13 मरीज ठीक हुए। प्रदेश में रिकवरी रेट 98% से ज्यादा है।
इंदौर में 7 दिन में 34 मरीज
इंदौर में कोरोना पॉजिटिव मरीज बढ़ते जा रहे हैं। बीते 24 घंटे की बात करें तो इंदौर में 6 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। वहीं बीते 7 दिनों में 34 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। रोजाना सामने आ रहे पॉजिटिव केस ने इंदौर जिला प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है वहीं कई लोग बिना मास्क के ही शहर में घूमते नजर आ रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.