देवास के नेमावर के आदिवासी परिवार के नरसंहार का मामला 6 महीने बाद फिर सुलग गया है। परिवार की जिंदा बची इकलौती बेटी भारती कास्डे आरोपियों को सजा दिलाने के लिए खुद सिर पर कफन बांधकर न्याय यात्रा पर निकल पड़ी है। नेमावर से 1 जनवरी से शुरू हुई यात्रा 11वें दिन मंगलवार को भोपाल पहुंची। न्याय यात्रा खरगोन विधायक रवि जोशी के बंगले से पांच कदम ही आगे बढ़ी और पुलिस ने रोक लिया। पुलिस भारती को गाड़ी से राजभवन लेकर पहुंची। सुरक्षाकर्मियों ने कोरोना गाइडलाइंस का हवाला देकर वापस लौटा दिया। भारती की राज्यपाल से मुलाकात नहीं हो सकी। यात्रा में भारती से मिलने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा पहुंचे। कांतिलाल भूरिया भी भारती से मिले।
ग्वालियर में जीवाजी यूनिवर्सिटी में NSUI का हंगामा, पुलिस ने खदेड़ा
NSUI ने जीवाजी विश्वविद्यालय का घेराव कर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। साथ ही, वाटर केनन की मदद से NSUI कार्यकर्ताओं को खदेड़ा। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव भी किया। करीब 25 से 30 छात्र नेताओं को हिरासत में लिया गया है। NSUI कार्यकर्ता यूनिवर्सिटी में धारा-52 लगाने की मांग और भ्रष्टाचार को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन में एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी भी मौजूद थे। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा ने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज को दबाया जा रहा है।
मुरैना में आरक्षक ने पत्नी को गोली मारी
मुरैना में पुलिस आरक्षक ने पत्नी को सरकारी SLR बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह जब लोगों को पता लगा तो उन्होंने पुलिस को खबर की। मामला कोतवाली थाने का है। आरक्षक का रात में अपनी पत्नी के साथ विवाद हुआ था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.