साउथ में बने निम्न दबाव के कमजोर पड़ने से मध्यप्रदेश में ठंड के तेवर नर्म पड़ जाएंगे। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि अगले पांच दिन रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होगी। ठंडक तो रहेगी, लेकिन रात और दिन का पारा सामान्य रहेगा। पांच नवंबर के बाद दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि साउथ में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से उत्तर से तेज हवाएं चलने लगी थीं। इससे प्रदेश में कई जगह रात का तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। अब इस सिस्टम के कमजोर होने से हवाओं की रफ्तार कम हुई है, इससे रात और दिन के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होगी। अगले 24 घंटे में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। इसका प्रभाव 4 से 5 नवंबर तक खत्म हो जाएगा। इसके बाद दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी, जो ठंड के आने का संकेत है।
5 दिन बाद वन क्षेत्र में ज्यादा बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, पांच दिन बाद एक फिर पचमढ़ी, रायसेन, विदिशा, भिंड, मुरैना और आलीराजपुर में तापमान गिरने से ठंड बढ़ेगी। शहरी क्षेत्रों में वन क्षेत्रों की अपेक्षा तापमान कम गिरेगा। रात का पारा प्रदेश में 14 डिग्री सेल्सियस और दिन का पारा 28 डिग्री के आसपास रह सकता है।
भोपाल में अक्टूबर की सबसे सर्द रात
प्रदेश में 24 घंटे के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में काफी गिरावट देखी गई। पचमढ़ी और मंडला में तो रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया। भोपाल में अक्टूबर में 11 साल में पहली बार पारा 13 डिग्री सेल्सियस पर आया। इससे चार दिन पहले रात का पारा 13.6 पर आया था। अक्टूबर में रिकॉर्ड ठंड की बात करें तो ये 27 अक्टूबर 1971 के नाम दर्ज है। तब न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।
शनिवार को रात और दिन का तापमान
शहर | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
पचमढ़ी | 8.2 | 24.6 |
मंडला | 9.5 | 29.5 |
रायसेन | 10.5 | 27.4 |
छिंदवाड़ा | 11.3 | 28.4 |
चार बड़े शहरों की स्थिति
शहर | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
भोपाल | 13.0 | 29.2 |
ग्वालियर | 13.1 | 30.0 |
इंदौर | 14.9 | 28.4 |
जबलपुर | 13.0 | 28.2 |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.