मध्यप्रदेश में नए साल का जश्न मनाने में ठंड कुछ खलल डाल सकती है। न्यू ईयर सेलिब्रेशन की रात 31 दिसंबर को कोहरा, पाला और ठिठुरन रहेगी। नए साल की सुबह 1 जनवरी को कोहरा और सर्द हवाएं ठंडी बढ़ा देगी। पचमढ़ी, ओरछा और खजुराहो में कड़ाके की ठंड रहेगी। भोपाल के आसपास सांची और भीमबैठका में भी अच्छी खासी ठंड पड़ेगी। इंदौर के लिए अच्छी खबर है कि यहां मौसम सुहावना बना रहेगा। आइए जानते हैं प्रदेश के मुख्य शहरों और पर्यटन स्थलों का मौसम कैसा रहेगा...
भोपाल में सुबह-शाम कोहरा रहेगा
भोपाल में रात का पारा 9 डिग्री सेल्सियस और दिन का 20 डिग्री के नीचे आ चुका है। सुबह-शाम कोहरा रहेगा। रात को हल्के बादल छाएंगे। रात को 11 बजे के बाद हवाओं की रफ्तार 10-15 किमी प्रतिघंटा रहने से ज्यादा सर्दी लगेगी। दिन का पारा 19-20 डिग्री के नीचे रहेगा। रात का पारा 7 डिग्री तक पहुंच जाएगा। यही स्थिति सांची और भीमबैठका की रहेगी।
पचमढ़ी, खजुराहो और ओरछा में 4 डिग्री तक जा सकता है पारा
प्रदेश के सबसे बड़े पर्यटन स्थल पचमढ़ी, खजुराहो और ओरछा में कड़ाके की ठंड रहेगी। तीनों ही जगह पर दिन और रात में कोल्ड डे और कोल्ड वेव रहेगी। यह सबसे ठंडे रहेंगे। यहां पर पाला गिरने की संभावना है। रात का पारा 4 डिग्री तक जा सकता है।
ग्वालियर और चंबल में कोहरा
ग्वालियर और चंबल में दिन और रात में ठंड का जोर रहेगा। अगले 48 घंटे तक यहां पर रात और दिन के तापमान और नीचे आएंगे। कोहरा अभी यहां पर कायम रहेगा। बीते 24 घंटों में इस दौरान तीन से चार एक्सीडेंट की घटनाएं कोहरे के कारण हुई हैं।
इंदौर में सुहानी रात और सुबह होगी
इंदौर में न्यू ईयर का जश्न मनाने के लिए मौसम सुहाना बना रहेगा। यहां दिन और रात के तापमान काफी नीचे नहीं जाएंगे। सुबह और रात को हल्का कोहरा जरूर रहेगा, लेकिन घना कोहरा होने की संभावना नहीं है। मौसम सामान्य रहेगा। इंदौर में रात का पारा 7-9 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
जबलपुर में भोपाल जैसी ठंड होगी
जबलपुर में राजधानी भोपाल जैसी ठंड रहेगी। दिन में तापमान में मामूली बढ़ोतरी रहेगी, लेकिन रात के तापमान नीचे आएगा। ऐसे में ठंड का जोर रहने से न्यू ईयर के जश्न मनाने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
इस कारण ठंड बढ़ेगी
मध्यप्रदेश में बारिश खत्म होने के साथ ही बादल भी पूरी तरह छट चुके हैं। बीते 24 घंटों के दौरान रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। न्यू ईयर का जश्न यानी 31 दिसंबर की रात और नए साल का पहला दिन यानी 1 जनवरी सर्दी भरी रहेगी। प्रदेश भर में अगले दो दिन तापमान और नीचे आएगा। यहां पर 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तापमान लुढ़क सकता है।
रात में कई जगह छाया रहेगा कोहरा
मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि रात में कई जगह कोहरा रहेगा। ऐसे में रात और सुबह के समय वाहन चलाने से बचें। कोहरे के कारण एक्सीडेंट होने की आशंका रहती है। बीते 24 घंटे के दौरान ग्वालियर और चंबल में कोहरे के कारण तीन से चार एक्सीडेंट की घटनाएं हो चुकी हैं।
10 साल में प्रमुख शहरों में दिसंबर की सबसे ठंडी रात
शहर | तापमान | दिन |
भोपाल | 4.9 | 28 दिसंबर 2018 |
होशंगाबाद | 5.1 | 27 दिसंबर 2014 |
ग्वालियर | 2.1 | 30 दिसंबर 2019 |
खजुराहो | 3.4 | 31 दिसंबर 2019 |
जबलपुर | 4.4 | 28 दिसंबर 2019 |
उज्जैन | 2.5 | 29 दिसंबर 2018 |
इंदौर | 5.5 | 17 दिसंबर 2014 |
पचमढ़ी | -1.5 | 29 दिसंबर 2014 |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.