• Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Presidential Election 2022; Shivraj Singh Chouhan, Kamal Nath, MP Congress MLA Horse Trading

MP में कत्ल की रात के बाद बंपर वोटिंग:माननीय को राज्यसभा का ऑफर; BJP के 'चेहरे' ने आधी रात में कराई पूजा, जानिए वजह...

भोपाल8 महीने पहलेलेखक: राजेश शर्मा
  • हर शनिवार पढ़िए और सुनिए- ब्यूरोक्रेसी और राजनीति से जुड़े अनसुने किस्से

वोट बैंक की राजनीति जो कराए सो कम है। मध्यप्रदेश में BJP राष्ट्रपति पद की आदिवासी उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू को संख्या से ज्यादा वोट दिलाकर आला नेताओं की शाबाशी लूटना चाहती है। इसके लिए महाराष्ट्र का शिंदे फॉर्मूला अपनाया जा रहा है। यानी शिवसेना की तरह MP में कांग्रेस में तोड़फोड़...। सुना है कि BJP ने कोशिश भी की, लेकिन बात बाहर आ गई। कमलनाथ ने आरोप लगाया कि उनके आदिवासी विधायकों को क्रॉस वोटिंग के लिए 50 लाख रुपए से 1 करोड़ रुपए तक के ऑफर दिए गए। सुना है कि सिंघार को पहले राज्यसभा में भेजे जाने का ऑफर भी था। एक नेता की टिप्पणी- वोट बैंक की राजनीति अभी आगे भी गुल खिलाएगी। वजह यह है कि राजनीति का मतलब अब सत्ता पाना ही है।

बोरिया बिस्तर बांधकर रखें…

जबलपुर में BJP जिला अध्यक्ष जब महापौर चुनाव के लिए वोट डालने गए तो पता चला कि उनका नाम दूसरे वार्ड की वोटर लिस्ट में है। नेताजी नाराज हो गए। सुना है उनकी शिकायत ‘सरकार’ तक पहुंचने में देर नहीं लगी। फिर क्या था, भोपाल से जिले के शीर्ष अफसरों को संदेशा भेज दिया गया- बोरिया बिस्तर बांधकर रखें। साफ है ‘सरकार’ को अंदेशा हो गया है कि जबलपुर अपने हाथ से निकलकर ‘हाथ’ में जा रहा है।

BJP नेता की चेतावनी कर गई काम

MP में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में कम वोटिंग हुई तो हाहाकार मच गया। इससे चुनाव आयोग के साथ ही BJP की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ गए। BJP ने जिस तरह पन्ना प्रमुखों की फौज उतारने का दावा किया, उस हिसाब से रिजल्ट नजर नहीं आया। सुना है इसके बाद दूसरे चरण की वोटिंग से एक दिन पहले CM हाउस में एक बैठक हुई। बैठक के बाद संगठन के एक पदाधिकारी ने VIDEO कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 5 शहरों के नेताओं से कहा- आज कत्ल की रात है...। यह संदेश कम, चेतावनी ज्यादा थी। अगले दिन 72% वोटिंग हो गई। इस पर एक नेता की टिप्पणी- यही काम पहले चरण से पहले कर लिया होता तो परिणाम पक्ष में होता। खैर, देर आए- दुरुस्त आए...।

जीत के लिए आधी रात को पूजा

MP में BJP की सबसे बड़ी चिंता महापौर चुनाव को लेकर है। सबकुछ अच्छा हो, इसके लिए BJP के एक बड़े नेता ने भोपाल में कर्मकांडी पूजा कराई, क्योंकि रिजल्ट में उनका राजनीतिक भविष्य भी छिपा है। सुना है यह पूजा नेताजी के साथ हमेशा चलने वाली पत्नी ने की है। दक्षिण भारत के एक राज्य के नामी ज्योतिषी ने उन्हें विशेष पूजन करने की सलाह दी थी। यह पूजा आधी रात के बाद करीब 3 घंटे तक चली। बता दें, नेताजी पहले भी इस ज्योतिषी के कहने पर पूजा कर चुके हैं। इसका उन्हें भी फायदा मिला। आज वे अच्छे ओहदे पर हैं और MP में तो बीजेपी के चेहरे कहे जाते हैं।

कटनी में रोड शो, चर्चा दिल्ली में…

MP में शहरों में सरकार बनाने के लिए CM शिवराज सिंह ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। लेकिन, कटनी में एक लग्जरी कार में किया उनका रोड शो चर्चा का विषय बन गया। इस कार की शोरूम कीमत 2 करोड़ 33 लाख रुपए है। कटनी से BJP विधायक संजय पाठक ने हाल ही में लेक्सस एलएक्स ब्रांड की नई एसयूबी खरीदी है। इस कार में ही सवार होकर शिवराज ने रोड शो किया। सुना है कि शिवराज ने रोड शो भले ही कटनी में किया, लेकिन चर्चा दिल्ली में हो रही है।

और अंत में…

रिटायर्ड IAS की बिल्डर को धमकी

भोपाल की एक पॉश कॉलोनी में अधिकांश मकान ब्यूरोक्रेट़्स ने बनाए हैं। नगर निगम के एक इंजीनियर ने भी यहां प्लॉट ले रखा है, जिस पर वह अब मकान बनवा रहा है। उनके बाजू में एक चीफ सेक्रेटरी रैंक के रिटायर्ड IAS अफसर का आलीशान मकान है। सुना है कि इंजीनियर इससे भी भव्य मकान बनवा रहा है। इसकी भनक जैसे ही अफसर को लगी, उन्होंने बिल्डर को फोन पर धमकी दे दी- इस इंजीनियर को पैसे लौटाकर प्लॉट वापस लो और किसी IAS अफसर को ही देना, लेकिन वे भूल गए कि अब वह पद पर नहीं हैं, लिहाजा बिल्डर ने भी दो टूक जवाब दे दिया- प्लॉट बिकने के बाद वापस नहीं लिया जाता। आपको दिक्कत क्या है? इसका कोई जवाब दिए बिना ही अफसर ने फोन डिसकनेक्ट कर दिया।

ये भी पढ़ें :-