मध्यप्रदेश में तीन दिन से हो रही भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। भोपाल में गुरुवार रात से शुक्रवार की सुबह तक तेज बारिश होती रही। भोपाल में अभी तक 72 इंच बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 50 साल में यह सबसे अधिक है। सामान्य रूप से सितंबर तक 31 इंच बारिश होती है। इधर, उज्जैन में 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई। शिवपुरी में बारिश से निचले इलाकों में जलभराव हो गया।
मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान इंदौर, भोपाल, रायसेन, पचमढ़ी, नर्मदापुरम और दतिया में डेढ़-डेढ़ इंच बारिश हुईl नौगांव, रतलाम, उज्जैन, नरसिंहपुर, जबलपुर और सागर में एक-एक इंच पानी गिरा हैl खरगोन, ग्वालियर, गुना, उमरिया, शिवपुरी, बैतूल, खजुराहो, धार, सीधी, रीवा, छिंदवाड़ा, खंडवा, सतना और मंडला में भी बारिश हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि इंदौर समेत कुछ जिलों में आज दोपहर तक रिमझिम हो सकती है। बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। उमरिया, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, रीवा, सतना, सीधी और सिंगरौली में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
भोपाल के भदभदा-कलियासोत डैम के गेट खुले
राजधानी भोपाल में लगातार बारिश होने के बाद भदभदा और कलियासोत डैम के गेट खोलने पड़े। रात में ही भदभदा का एक और कलियासोत डैम के दो गेट खोले गए। गेट अभी भी खुले हुए हैं। इसके बाद कलियासोत नदी में पानी का बहाव बढ़ गया है। इसलिए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है। नगर निगम की टीमें दामखेड़ा और समर्धा टोला के निचले इलाकों में नजर रख रही है।
बरगी बांध के गेट खोले
उज्जैन में शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद रामघाट स्थित मंदिर आधे-आधे डूबे हुए हैं। नर्मदापुरम के तवा डैम में भी पानी बढ़ गया है। इसके 3 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। इस सीजन में तवा डैम के गेट 32 बार खोले गए हैं। जबलपुर में बरगी डैम के 11 गेट खुले तो छिंदवाड़ा में 15 गांवों का शहर से संपर्क कट गया। यहां अगले 24 घंटे में तेज बारिश होने की संभावना ने फिर से चिंता बढ़ा दी है। उज्जैन में कलेक्टर ने आज सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
दूसरे सिस्टम ने बिगाड़े हालात
सितंबर में पहला कमजोर सिस्टम 9 और 10 को बना था। इसके बाद 12 सितंबर को दूसरा सिस्टम एक्टिव हुआ। इससे 13 को तो ज्यादा बारिश नहीं हुई, लेकिन 14 और 15 सितंबर को प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश होने से बाढ़ जैसे हालात बन गए। अकेले भोपाल में ही अब तक रिकॉर्ड 72 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। हालांकि भोपाल जिले में अभी तक 68 इंच पानी गिरा है। मध्यप्रदेश में अब तक साढ़े 43 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 22% ज्यादा है। प्रदेश के अधिकांश जलाशय फुल हो चुके हैं।
इन इलाकों में हालात बिगड़े
छिंदवाड़ा के पांढुर्णा में गुरुवार सुबह तेज बारिश के कारण पानी घरों में घुस गया। इससे राशन, खेती के लिए रखे बीज, खाद समेत अन्य सामान पानी में खराब हो गए। अशोकनगर में बीते 48 घंटों के दौरान 6 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। नालों के उफान पर आने से कुछ गांवों का संपर्क शहर से टूट गया है। ईसागढ़ के भर्रोली गांव में तालाब में कटाव होने से पानी गांवों में घुस गया। आक्रोशित ग्रामीण ईसागढ़ मार्ग पर धरने पर बैठ गए।
17 सितंबर से बन रहा नया सिस्टम
मध्यप्रदेश के लिए 17 सितंबर से नया सिस्टम बन रहा है। यह सितंबर का अब तक का तीसरा सिस्टम होगा। हालांकि, मौसम विभाग की मानें तो अब ज्यादा बारिश की संभावना नहीं है। कहीं-कहीं गतिविधियों के साथ तेज बारिश की संभावना बन सकती है।
1 जून से अब तक बारिश (आंकड़े इंच में)
जिला | बारिश हुई | बारिश होनी थी | बारिश % में |
भोपाल | 67.76 | 35.00 | 185 |
राजगढ़ | 60.51 | 33.03 | 183 |
छिंदवाड़ा | 57.32 | 36.10 | 159 |
आगर मालवा | 51.18 | 32.80 | 156 |
बैतूल | 58.58 | 37.76 | 155 |
गुना | 53.82 | 34.72 | 155 |
विदिशा | 55.79 | 37.87 | 147 |
बुरहानपुर | 38.54 | 26.30 | 147 |
देवास | 48.07 | 32.91 | 146 |
नीमच | 41.14 | 28.50 | 144 |
रायसेन | 56.77 | 39.65 | 143 |
सीहोर | 55.28 | 39.21 | 141 |
सिवनी | 51.81 | 36.93 | 140 |
शाजापुर | 46.14 | 33.07 | 140 |
श्योपुरकलां | 33.86 | 24.84 | 136 |
नर्मदापुरम | 62.91 | 46.54 | 135 |
हरदा | 52.32 | 39.65 | 132 |
खंडवा | 35.31 | 28.15 | 125 |
मंदसौर | 37.83 | 30.63 | 124 |
सागर | 48.07 | 39.06 | 123 |
रतलाम | 41.10 | 33.54 | 123 |
उज्जैन | 38.74 | 32.40 | 120 |
नरसिंहपुर | 44.80 | 38.35 | 117 |
अनूपपुर | 41.69 | 35.94 | 116 |
इंदौर | 35.59 | 31.22 | 114 |
मंडला | 48.82 | 43.86 | 111 |
बड़वानी | 26.10 | 23.62 | 111 |
बालाघाट | 49.92 | 45.28 | 110 |
खरगोन | 27.56 | 25.55 | 108 |
शिवपुरी | 30.00 | 29.09 | 103 |
अशोकनगर | 38.19 | 38.31 | 100 |
निवाड़ी | 28.94 | 29.06 | 100 |
भिंड | 21.97 | 22.52 | 98 |
शहडोल | 35.00 | 36.06 | 97 |
उमरिया | 37.09 | 39.21 | 95 |
जबलपुर | 39.17 | 41.46 | 94 |
पन्ना | 37.24 | 40.00 | 93 |
मुरैना | 21.73 | 23.82 | 91 |
दमोह | 36.22 | 39.96 | 91 |
धार | 25.79 | 28.74 | 90 |
छतरपुर | 30.94 | 34.53 | 90 |
कटनी | 30.47 | 34.49 | 88 |
डिंडोरी | 38.03 | 43.58 | 87 |
सिंगरौली | 26.10 | 31.38 | 83 |
सतना | 28.74 | 34.69 | 83 |
ग्वालियर | 20.79 | 26.18 | 79 |
झाबुआ | 25.12 | 31.89 | 79 |
टीकमगढ़ | 26.50 | 33.66 | 79 |
अलीराजपुर | 22.99 | 31.14 | 74 |
रीवा | 24.57 | 35.75 | 69 |
सीधी | 25.35 | 37.64 | 67 |
दतिया | 18.03 | 27.40 | 66 |
भोपाल में अब तक 72 इंच पानी गिर चुका; तालाब-झील कराते ज्यादा बारिश
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.