मध्यप्रदेश के सिवनी में सोमवार सुबह 7.49 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। 14 दिन में सिवनी में तीसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। यह चार दिन पहले शुक्रवार को आए झटकों से ज्यादा तीव्रता के रहे। लोगों ने कई बार कंपन महसूस किया। रिएक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.7 रही। अच्छी बात यह है कि कहीं से किसी भी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि भूकंप के झटके बारिश होने के कारण आए हैं। अगर अगले 24 घंटे में बारिश होती है, तो फिर ऐसा हो सकता है, हालांकि आशंका कम है।
बढ़ रही तीव्रता
सिवनी में 14 दिन में तीसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। इनकी तीव्रता बढ़ रही है। बीते 21 सितंबर को 2.1 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे। पिछले शुक्रवार सुबह 11.49 बजे यह 3.6 तीव्रता के रिकॉर्ड किए गए। इस बार यह 3.7 तीव्रता के रहे। पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में भी भूकंप के तेज झटके से लोग घबरा गए थे।
भूकंप आने का कारण
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि सुबह 7.49 बजे सिवनी में 3.7 रिएक्टर स्केल के भूकंप के झटके महसूस किए गए। यह भारतीय समयानुसार भूस्थानिक केंद्र 21.95 डिग्री उत्तर अक्षांश, 79.56 डिग्री पूर्व देशांतर सिवनी, मध्य प्रदेश क्षेत्र में 3.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज हुआ है। जिसका हाइपोसेंटर 5 किमी गहराई पर था।
सिवनी के साथ छिंदवाड़ा और बालाघाट में जमीन के अंदर चट्टानें चूना पत्थर की हैं। इनकी संरचनाएं ऐसी हैं कि जब भी बारिश का पानी इनमें जाता है, तो यह चट्टानें सिकुड़ जाती हैं। इनके बीच अंदर के छिद्र बंद हो जाते हैं, तो यह धंस जाती हैं। इसी कारण भूकंप के झटके आते हैं।
24 घंटे नजर रखी जाएगी
अभी 24 घंटे में दोबारा इसके झटके महसूस किए जा सकते हैं। अगर थोड़ी भी ज्यादा बारिश हुई, तो इन इलाकों में भूकंप आ सकता है। बारिश नहीं होती है, तो फिर भूकंप की संभावना नहीं रहेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.