मध्यप्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच अगले महीने से गर्मी के तेवर और सख्त होने वाले हैं। प्रदेश में अप्रैल के अंत तक ही अधिकतम तापमान 46 के करीब पहुंच गया है। देश के टॉप 5 गर्म शहरों में मध्यप्रदेश के तीन शहर आ गए है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश के इलाहबाद देश का सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 45.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद राजस्थान के गंगानगर और मध्यप्रदेश का राजगढ़ 45.7 डिग्री तापमान के साथ दूसरे नंबर पर रहा। खजुराहो और नौगांव में 45.6-45.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।
महाराष्ट्र के जलगांव में 45.6 डिग्री तापमान सबसे ज्यादा रहा। ग्वालियर में तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया। खंडवा में 45.1, खरगौन में 45.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अगले तीन दिन तक मप्र के कई शहरों में लू का प्रकोप रहेगा और मई में तो पारा 47 डिग्री तक जा सकता है।
मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि सभी चक्रवाती घेरे खत्म हो चुके हैं। एक ट्रफ लाइन है, वो भी गुरुवार से खत्म हो गई। इसके बाद मौसम में नमी पूरी तरह से खत्म होने से हवाएं सूखी और अधिक गर्म हो जाएंगी। इससे लू का प्रकोप और बढ़ जाएगा। ऐसे में लोगों को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचना चाहिए। अधिकतम तापमान में गुरुवार को भी बढ़ोतरी हुई। अभी तीन दिन तक इसके नीचे आने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में इंदौर और भोपाल में भी यह 45 डिग्री सेल्सियस छू सकता है। प्रदेश के शेष इलाकों में तो यह 46 डिग्री के पार तक जा सकता है।
पूरी मई 40 डिग्री से ऊपर रहेगा पारा
मई के शुरुआती हफ्ते में तापमान में मामूली गिरावट तो होगी, लेकिन पूरे महीने पारा 40 से अधिक बना रहेगा। अभी तक की स्थिति में मई में बारिश का कोई सिस्टम बनता नजर नहीं आ रहा है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक इस बार मई के सबसे गर्म रहने की संभावना प्रबल है।
भोपाल और इंदौर में रातें गर्म
आधे मध्यप्रदेश यानी बुंदेलखंड, महाकौशल और विंध्य में रातें कुछ राहत देने वाली हैं। यहां रात का पारा 20 से 24 डिग्री के आसपास बना है। इसके विपरीत इंदौर, भोपाल, ग्वालियर-चंबल और उज्जैन में रात का पारा ज्यादा चढ़ा हुआ है। यह 24 से 28 के बीच है। दिन और रात के तापमान में भी 15 से 20 डिग्री तक का अंतर कहीं-कहीं हो गया है।
ये भी पढ़ें:- CM शिवराज को लू लगी, आप भी सावधान रहें:बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवतियों को कैसे बचाएं, जानिए एक्सपर्ट्स से...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.