मध्यप्रदेश वाटर स्पोर्ट्स रोइंग अकादमी की दो खिलाड़ियों का चयन सीनियर एशियन चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। चैंपियनशिप के लिए भारतीय शिविर का आयोजन ओडिशा के जगतपुर स्थित साई सेंटर में विगत 45 दिनों से जारी था। इस शिविर में मध्यप्रदेश की दोनों खिलाड़ियों ने भागीदारी की। अपने प्रदर्शन से भारतीय टीम में स्थान पक्का किया। इधर दिल्ली में आयोजित 64वीं राष्ट्रीय पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप-2021 में शुक्रवार को मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने रजत और कांस्य जीते।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बधाई देते हुए एशियन चैंपियनशिप में अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी है। एशियन चैंपियनशिप का आयोजन 8 से 12 दिसंबर तक थाईलैंड में होने जा रहा है। रोइंग के मुख्य प्रशिक्षक दलबीर सिंह ने बताया कि अकादमी की खुशप्रीत कौर का चयन क्वार्टर पुल स्कल स्पर्धा में भारतीय टीम में हुआ है। वहीं, रूकमणि दांगी का चयन डबल स्कल में हुआ है। खिलाड़ी ओडिशा शिविर से सीधे थाईलैंड के लिए रवाना होंगे।
दिल्ली में MP को शूटिंग में रजत और कांस्य
मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली में खेली जा रही 64वीं राष्ट्रीय पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप-2021 में एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। इस चैंपियनशिप में मप्र शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने अब तक एक स्वर्ण सहित कुल छह पदक अपने नाम कर लिए है।
चैंपियनशिप का आयोजन नई दिल्ली में 18 नवंबर से 6 दिसंबर तक किया जा रहा है। 25 मीटर स्टेंडर्ड पिस्टल जूनियर मेन टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। टीम में उदित जोशी, गुरमान सिंह और हरिओम चावड़ा शामिल है। वहीं 25 मीटर स्टेंडर्ड पिस्टल जूनियर मेन सिविलियन टीम ने कांस्य पदक पर निशाना साधा। इस टीम में मध्यप्रदेश अकादमी के यशराज यादव, उदित जोशी और हरिओम चावड़ा शामिल रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.