साइबर अपराधियों ने ब्यावरा के अपना नगर निवासी डॉक्टर श्याम सुंदर गुप्ता सेवानिवृत मेडिकल ऑफिसर को अपना शिकार बनाया है। बेखौफ अपराधियों ने डॉक्टर के बैंक खाते से पब्लिक ऑफर का कहकर 25 लाख खुद के खातों में डलवा लिए। जिसकी शिकायत ब्यावरा शहर थाने में दर्ज की गई थी। ब्यावरा शहर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर बैंक खातों में 25 लाख रुपए की राशि होल्ड कराई है।
यह है पूरा मामला
सेवानिवृत्त डॉक्टर श्याम सुंदर गुप्ता ने ब्यावरा शहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि मेरे पास 8 अक्टूबर को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया। उसने बताया गया कि आपकी एसबीआई लाइफ पॉलिसी है, उसकी फाइल होल्ड नहीं कराई गई, तो आपका पैसा लेप्स हो जाएगा।
इसके संदर्भ में मेरा संपर्क अकाउंटेंट फाइनेंस मुंबई में सियाराम भटनागर से हुआ। लेकिन संतोषप्रद जवाब नहीं मिलने के कारण मैंने एसबीआई लाइफ के पीसी कोठार से संपर्क किया। उन्होंने फाइल होल्ड करने की सहमति दी। पीसी कोठारी ने मुझे कई बार फोन लगाकर आईपीओ की यूनिटस खरीदने के लिए कहा। उनके द्वारा अधिक रिटर्न मिलने की संभावना के कारण मैंने शुरुआत में उनके कहने पर NKC SERVIES बंधन बैंक गाजियाबाद में 14 अक्टूबर 2020 को 3 लाख 11 हजार 500 रुपए डलवाए।
इसके बाद 20 अक्टूबर 2020 को FT SERVIES कोटक बैंक नई दिल्ली में 3 लाख 11 हजार 500 रुपए डलवाए, 2 नवंबर 2020 को RB SERVIES IDFC FIRST BANK नोएडा में 1 लाख 80 हजार 562 रुपए डलवाए, 5 जनवरी 2021 को IGMS IDFC FIRST BANK गाजियाबाद में 10 लाख रुपए डलवाए। डॉक्टर ने बताया कि अब यह सब अपना फोन बंद कर चुके हैं।
इन लोगों को किया गिरफ्तार
डॉक्टर की शिकायत पर ब्यावरा शहर पुलिस ने आरोपी सौरभ गुप्ता (27) निवासी गाजियाबाद उत्तर प्रदेश, दादो जिला अलीगढ उत्तर प्रदेश और प्रतीक शर्मा (32) निवासी जिला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया।
कुलदीप ठाकुर (26) निवासी गाजियावाद (उप्र) को जेएमएफसी न्यायालय ब्यावरा में पेश किया। वहीं आगरा जेल से पुलिस ने आरोपी अंशुल अग्रवाल (22) निवासी गाजियाबाद उप्र को न्यायलय पेश किया। आरोपियों के बैंक खातों में 25 लाख रुपए का राशि होल्ड कराई गई।
इन लोगों का रहा योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजपाल सिंह राठौर, उनि जगदीश गोयल, उनि रजनेश सिरोठया, उनि एलएस भाटी, कार्यवाहक प्रआर. देवीलाल दांगी, आरक्षक संदीप दांतरे, आरक्षक बलवीर मीणा, आरक्षक योगेंद्र सिंह राजपूत, आरक्षक चंद्रेश कुशवाह, आरक्षक श्याम रघुवंशी, आरक्षक रवि मौर्य, सायबर सेल से आरक्षक शशांक यादव की मुख्य भूमिका रही।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.