राजगढ़ जिले में पुलिस ने गुरुवार को शराब माफिया के 10 मकानों और दुकानों को बुलडोजर से ढहा दिया। दरअसल, कटारिया खेड़ी गांव में अवैध शराब बिकने की शिकायत पर बुधवार रात पुलिस ने दबिश दी थी। इस दौरान माफिया ने पुलिस पर पथराव कर उनकी गाड़ियों के कांच भी तोड़ दिए थे। इसमें कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे। उस समय पुलिस कार्रवाई छोड़कर लौट गई थी। गुरुवार सुबह 7 थानों की पुलिस एक साथ पहुंची और अवैध शराब बनाने वाली सामग्री में भी आग लगा दी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार रात पुलिस टीम पर हमले के बाद गुरुवार को आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। साथ में कलेक्टर हर्ष दीक्षित भी थे। कटारिया खेड़ी गांव में 50 हजार लीटर अवैध कच्ची शराब को नष्ट किया गया। 14 ठिकानों को तोड़ा गया। पुलिस पर हमला करने के मामले में 10 नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। वहीं फरार आरोपियों पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
बदमाशों ने दबिश के समय कर दिया था पथराव
पुलिस ने बताया कि जयपुर-जबलपुर हाईवे एनएच-53 पर राजगढ़-ब्यावरा के बीच कटारिया खेड़ी गांव है। यहां पर अवैध शराब बिकने की शिकायत मिली थी। एएसपी मनकामना प्रसाद पुलिस लाइन के बल के साथ बुधवार रात कार्रवाई करने पहुंचे थे। तब बदमाशों ने पथराव करना शुरू कर दिया था। पुलिस वहां से कार्रवाई छोड़ लौट आई थी। देर रात ब्यावरा थाने में बैठक की। इसके बाद गुरुवार को संयुक्त टीम ने मिलकर कार्रवाई की।
शराब बनाने का सामान जलाया
गुरुवार को पुलिस बल के साथ कलेक्टर हर्ष दीक्षित, एसपी अवधेश कुमार गोस्वामी, एडिशनल एसपी मनकामना प्रसाद मौजूद थे। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगने के बाद आरोपी यहां से फरार हो गए। पुलिस से पूरा गांव छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस ने हाईवे के दोनों तरफ बने माफियाओं के ठिकानों को ध्वस्त किया। शराब बनाने की सामग्री काे मौके पर जलाकर नष्ट किया गया।
हाईवे पर खुले में बिकती है शराब
कटारिया खेड़ी गांव में राजगढ़ और ब्यावरा के बीच मे हाईवे पर बसा है। इस गांव में खुलेआम अवैध शराब की दुकानें लगी रहती हैं। सड़क के दोनों तरफ दुकान व गुमटियों में महिलाएं और पुरुष टोकरी में रख कर शराब बेचते हैं। हर बार पुलिस कार्रवाई के कुछ ही घंटे बाद यह दुकानें फिर से खुल जाती थी। पुलिस ने अजय कैलाश कंजर, खन्ना कंजर, बाबूराम स्वरूप कंजर, मिथुन नारायण, चेकर नारायण, अजय नारायण कंजर, भजन भेरू कंजर, रज्जा भेरू सिंह ,भूरिया कवंर लाल के खिलाफ केस दर्ज किया हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.