‘आई विल शूट! अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर सरेंडर कर दूंगा।’
राजगढ़ जिले के ब्यावरा SDM संजय उपाध्याय यह कहते हुए एक वीडियो में दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के आधार पर कलेक्टर हर्ष दीक्षित ने उन्हें नोटिस देकर जवाब तलब किया है। दैनिक भास्कर टीम इस वीडियो की सच्चाई जानने SDM के पास पहुंची, तो मजिस्ट्रेट की पावरफुल कुर्सी पर बैठे इस शख्स के दिल में छिपा पिता का दर्द छलक गया।
SDM ने रोते हुए जो बयां किया, उसे उन्हीं की जुबानी पढ़िए...
मैं मूलत: जबलपुर का रहने वाला हूं। साल 2011 में बेटी शीतल की शादी भोपाल के साकेत नगर में रहने वाले विवेक चतुर्वेदी से की थी। विवेक की ऑटो मोबाइल शॉप है। हर पिता की तरह मैंने भी सोचा था कि शादी के बाद बिटिया खुश रहे। बेटी ने एक बेटे को जन्म दिया। अब वो 9 साल का है। सबकुछ ठीक चल भी रहा था। साल 2020 में जैसे बेटी की खुशियों को किसी की नजर लग गई। बेटी ने एक दिन रोते हुए बताया कि विवेक का किसी महिला से अफेयर चल रहा है।
बेटी की बात पर पहले तो यकीन नहीं आया। फिर पता चला कि उसका सेंट्रल बैंक में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर पदस्थ एक महिला से अफेयर चल रहा है। महिला का पति अमेरिका में रहता है। इसी बीच, महिला के विवेक के साथ लद्दाख की होटल के कुछ निजी पलों के फोटो बेटी शीतल के सामने आ गए।
19 नवंबर 2020 को विवाद बढ़ने पर शाहपुरा थाने में हम शिकायत करने पहुंचे थे। वहां बेटी की देवरानी साक्षी चतुर्वेदी और देवर अभिषेक चतुर्वेदी भी आ गए। दोनों बहस करने लगे। वो भी बच्चे जैसे थे। मैं बेटी की हालत और दामाद की हरकतों से पहले ही दु:खी था। समझाने के बाद भी विवाद करते रहे, तो उन्हें घुड़की के लिए आई विल शूट वाली बात कह दी थी। तभी ये वीडियो सामने आया था। तब भोपाल के तत्कालीन डीआईजी इरशाद वली ने इसकी जांच भी कराई थी। इसमें कुछ भी गंभीर नहीं माना गया था।
दामाद पर 7 जनवरी को बागसेवनिया में हुआ केस दर्ज
घटना की पुष्टि करने के लिए हमने भोपाल के शाहपुरा थाने से भी जानकारी हासिल की, जिसमें ये वीडियो 19 नवंबर 2020 का ही पाया गया है। बेटी शीतल के साथ इस तरह की घटना हुई। इसके बाद भी थाने में शिकायत क्यों दर्ज नहीं हुई? इस सवाल का जवाब तलाशा तो एक दूसरी कहानी सामने आई। दरअसल, शीतल और दामाद विवेक का एक 9 साल का बेटा है। उसके भविष्य की चिंता को लेकर 2020 में FIR नहीं करवाई गई। फिर अफेयर वाली महिला 7 जनवरी 2022 को उनके घर आ धमकी। शीतल को घर से बाहर निकालने के लिए मारपीट करने लगी, तब शीतल ने भोपाल के बागसेवनिया थाने में पति और महिला के खिलाफ मारपीट का प्रकरण दर्ज करवाया है।
वीडियो दोबारा वायरल हुआ तो कलेक्टर ने मांगा जवाब
SDM संजय उपाध्याय को अपनी बेटी के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ में बीच-बचाव करना अब महंगा पड़ रहा है। जिस वीडियो में गोली मारने की बात कही जा रही है, वो पारिवारिक और 2 साल पुराना है। कलेक्टर ने संजय उपाध्याय को जारी किए नोटिस में कहा कि आपका वीडियो वायरल हो रहा है। क्यों न आपके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाए। इसके बाद एसडीएम के पद पर पदस्थ इस पिता के जख्म फिर हरे हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो को लेकर बैंक मैनेजर महिला ने कलेक्टर को शिकायत की थी कि उसे एसडीएम धमकी दे रहे हैं, जबकि वीडियो में वो कहीं नजर नहीं आ रही।
बच्चे की खातिर तलाक के बारे में नहीं सोचा
एसडीएम का कहना है कि शीतल और विवेक का 9 साल का बेटा है। अगर दोनों में तलाक हो जाता, तो इससे बेटे की जिंदगी पर खराब असर पड़ता। बस यही सोचकर तलाक के बारे में नहीं सोचा। हमेशा कोशिश करते रहे कि दामाद सही राह पर आ जाए। हालांकि, अब भी चीजें ठीक नहीं हुई हैं। बेटी ससुराल में ही बेटे के साथ है।
मेरी और मेरे बेटे की लाइफ बर्बाद हो रही
SDM की बेटी शीतल ने बताया- मेरे पति के एक्सट्रा मैरिटल अफेयर के कारण मेरी और बेटे की लाइफ स्पॉइल (बर्बाद) हो रही है। वो (पति की गर्लफ्रेंड) चाहती है कि मैं कैसे भी हसबैंड को छोड़ दूं। मैंने बैंक में जाकर उनकी गर्लफ्रेंड के बारे में शिकायत की, तो बैंकवालों ने सपोर्ट किया। उस महिला का ट्रांसफर भोपाल से इंदौर कर दिया।
पति ने कहा- 5 साल से तलाक देना चाहता हूं
शीतल के पति विवेक से हमने उनका पक्ष जानने के लिए बात की। उन्होंने कहा- मैं SDM की बेटी को पांच साल से तलाक देना चाहता हूं। वो दु:खी नहीं है, बल्कि हम दु:खी हैं। वो हमारे घर पर कब्जा करके बैठ गई है। एक्सट्रा मैरिटल अफेयर के सवाल पर विवेक ने कहा- एसडीएम सरासर झूठ बोल रहे हैं। मेरा अफेयर नहीं है, बल्कि खुद उनका अफेयर है। बाकी बातें मैं फोन पर नहीं कर सकता।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.