भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस नेता की मौत:मुस्लिम होकर रखा था हिंदू नाम; दिग्विजय ने दिया कंधा

मनीष सोनी, राजगढ़6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर राहुल गांधी के साथ चलने की एक कांग्रेस नेता की इच्छा सिर्फ इच्छा ही रह गई। दरअसल यात्रा में शामिल होने के लिए सुसनेर आए जीरापुर के पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष मांगीलाल शाह का शनिवार को निधन हो गया। वे 3 दिन से यात्रा की तैयारियां कर रहे थे।

जीरापुर के वार्ड 14 से पार्षद प्रतिनिधि और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य रहे मांगीलाल शाह 55 साल के थे। उनकी मौत के बारे में पता चलने पर कांग्रेसियों में शोक की लहर फैल गई। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह खुद उनके जनाजे में शामिल हुए और उन्हें कंधा भी दिया। सुसनेर में आयोजित राहुल गांधी की सभा का नाम भी बदलकर श्रद्धांजलि सभा कर दिया गया।

राहुल गांधी ने मृतक मांगीलाल शाह को श्रद्धांजलि दी।
राहुल गांधी ने मृतक मांगीलाल शाह को श्रद्धांजलि दी।

शनिवार को ही जीरापुर में उन्हें सुपुर्दे खाक किया गया। उनके जनाजे में हजारों लोग शामिल हुए। रास्ते में नगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके जनाजे को कांग्रेस का झंडा ओढ़ाया। दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए मांगीलाल को याद कर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की आखें नम हो गईं।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ मांगीलाल शाह (बाएं)। (फाइल फोटो)
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ मांगीलाल शाह (बाएं)। (फाइल फोटो)

टहलते वक्त अचानक गिर पड़े
मांगीलाल के बारे में बात करते हुए कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राम गोपाल गुप्ता ने बताया कि पिछले 3 दिनों से मांगीलाल भारत जोड़ो यात्रा की तैयारी में जुटे थे। वह काफी खुश थे। राहुल के साथ चलने को लेकर वह काफी उत्साहित थे। उन्होंने सुसनेर में होने वाली यात्रा के लिए चाय का स्टॉल भी लगाया था। शनिवार सुबह 5 बजे हम दोनों साथ में सुसनेर जाने के लिए निकले थे। हम वहां अपने चाय कैंप में गए। थोड़ी देर में यात्रा शुरू हो गई। मैंने मांगीलाल से कहा चलिए यात्रा शुरू हो गई। तो उन्होंने मुझसे कहा कि आप यात्रा में चलिए, मैं थोड़ी देर में आता हूं। इसके बाद वे वहीं टहलने लगे। थोड़ी ही देर में वे अचानक गिर गए। उन्हें यात्रा में साथ चल रही एंबुलेंस में लाया गया। यात्रा में मौजूद डॉक्टर्स ने उनका इलाज किया। उन्हें CPR दिया गया। इसके बाद भी जब होश नहीं आया तो डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मांगीलाल शाह के जनाजे को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी कंधा दिया।
मांगीलाल शाह के जनाजे को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी कंधा दिया।

उनका जाना मेरी निजी क्षति- दिग्विजय सिंह
अंतिम यात्रा में शामिल हुए राज्यसभा सासंद दिग्विजय सिंह ने बताया कि मांगीलाल शाह एक ऐसे व्यक्ति थे, जो सबका साथ देते थे। सबकी मदद करते थे। इंसानियत का उनका स्वरूप था। वे कभी जाति, बिरादरी और धर्म का भेदभाव नहीं करते थे। मेरे लिए एक निजी क्षति हुई है। जब से मैं सांसद बना, तब से वह मेरे साथ थे। वह बहुत हंसमुख थे। हमेशा खुश रहते थे। आज वे हमारे साथ नहीं है, मुझे इस बात का दुख है। वह राहुल गांधी से मिलना चाहते थे, लेकिन क्या कर सकते हैं, वह उनके आने से पहले ही चले गए।

मांगीलाल शाह के जनाजे में हजारों लोग शामिल हुए।
मांगीलाल शाह के जनाजे में हजारों लोग शामिल हुए।

दोस्त से कहा था- तुम्हें भी राहुल से मिलवाऊंगा
मांगीलाल शाह के करीबी दोस्तों में से एक जीरापुर में रहने वाले दिनेश जमीदार ने बताया कि शुक्रवार रात को मांगीलाल शाह का फोन उनके पास आया था। बात करते समय वह बहुत खुश थे, उन्होंने मुझसे कहा था कि कल भारत जोड़ो यात्रा सुसनेर आ रही है। मैं तो राहुल गांधी से मिलूंगा ही, तुम सबको भी मिलवाऊंगा। राहुल गांधी से मिलने का उनका विशेष सपना था, लेकिन सुबह उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। बहुत शानदार व्यक्ति थे, लोग उन्हें गरीबों के मसीहा के रूप में जानते थे।

मांगीलाल का असली नाम मारुफ शाह था
उनके जनाजे में शामिल एक दोस्त ने बताया कि मांगीलाल हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल थे। उनका असली नाम तो मारुफ शाह था, लेकिन उन्हें लोग मांगीलाल शाह के नाम से ही जानते थे। धार्मिक सौहार्द्र की मिसाल पेश करने के लिए उन्होंने अपने तीनों बच्चों के नाम भी हिंदू ही रखे।
सबसे बड़ी बेटी का नाम सपना है , जिसकी शादी हो चुकी है। दूसरे नंबर का बेटा आशीष (26) है। जो MBBS लास्ट ईयर का स्टूडेंट है। उनका तीसरा बेटा चूचू शाह (23) जीरापुर से ही पढ़ाई कर रहा है। बता दें, मांगीलाल अक्सर मंदिर जाकर आरती और हवन में भी शामिल होते थे।

मांगीलाल शाह का असली नाम मारुफ शाह था।
मांगीलाल शाह का असली नाम मारुफ शाह था।

ये है मांगीलाल का राजनितिक सफर
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के करीबी रहे मांगीलाल जीरापुर नगर के वार्ड नं 5 में रहते थे। पत्नी शकीला-बी वार्ड 14 से पार्षद हैं। साल 1994 में उन्होंने वार्ड 13 से पार्षद का चुनाव लड़ा और जीत गए। साल 1999 में वार्ड-13 से ही उन्होंने दोबारा पार्षद का चुनाव जीता और नगरपालिका के उपाध्यक्ष बने। साल 2004 में उन्होंने वार्ड-14 से अपनी पत्नी शकीला-बी को अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ाया लेकिन वह हार गईं। साल 2009 में मांगीलाल ने दोबारा वार्ड-8 से चुनाव लड़ा लेकिन इस बार वे 1 वोट से हार गए। 2014 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा। लेकिन इस बार फिर उन्हें शिकस्त मिली। 2022 में वार्ड-14 उनकी पत्नी शकीला बी ने चुनाव लड़ा और 385 वोटों से जीत हासिल की। वर्तमान में मांगीलाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य थे।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे व कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह के साथ मांगीलाल शाह(बाएं) (फाइल फोटो)।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे व कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह के साथ मांगीलाल शाह(बाएं) (फाइल फोटो)।
मांगीलाल ने साल 1999 में जीरापुर के वार्ड-13 से दोबारा पार्षद का चुनाव जीता और नगरपालिका के उपाध्यक्ष बने।
मांगीलाल ने साल 1999 में जीरापुर के वार्ड-13 से दोबारा पार्षद का चुनाव जीता और नगरपालिका के उपाध्यक्ष बने।

आगर में है भारत जोड़ो यात्रा

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश में आज शनिवार को 11वां दिन है। यात्रा अभी आगर-मालवा जिले में है। यहां काशीबर्डिया में रात्रि विश्राम के बाद सुबह यात्रा बस स्टॉप महुड़िया से शुरू हुई। ज्योतिरादित्य सिंधिया को हराने वाले बीजेपी सांसद केपी यादव के भाई अजय यादव भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। अजय ने कहा- भाई मजबूरी में बीजेपी में गए थे। हमारा परिवार कांग्रेस के साथ है। उन्होंने पूरा समय विधायक जयवर्धन सिंह के साथ बिताया। फोटोज भी खिंचवाए। पढ़िए, पूरी खबर...

भारत जोड़ो यात्रा की अन्य खबरें भी पढ़िए...

महिला यात्री को हुई तकलीफ, दिग्गी ने कराया ऑपरेशन​

भारत महिला यात्री से ही जानिए पूरा मामला...

राहुल के साथ चलीं एक्ट्रेस स्वरा भास्कर

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा नौवें दिन मध्यप्रदेश में उज्जैन के करीब तराना फंटे पर रुकी। करीब 21 किलोमीटर चलने के बाद अब यात्रा का रात्रि विश्राम झलारा में होगा। गुरुवार को यात्रा का 85वां दिन था और सुबह इसकी शुरुआत उज्जैन के पास सुरासा से हुई थी। आज राहुल के साथ उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर भी चले। कल यानी शुक्रवार को यात्रा आगर जिले में प्रवेश कर जाएगी। यहां से यात्रा सुबह 6 बजे शुरू होगी। राहुल के स्वागत के लिए कई जगह मंच बनाए गए हैं। उधर यात्रा को लेकर राजस्थान पुलिस ने भी मध्यप्रदेश में मोर्चा संभाल लिया है। यात्रा की तैयारी और तरीका देखने उनकी एक टीम यहां आई है। दो दिन बाद यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी। पढ़िए, पूरी खबर

राहुल से मिलना जितना मुश्किल, उतना ही आसान भी, जानिए ये सब कैसे हो पाता है

भारत जोड़ो यात्रा में आपको कई बार राहुल गांधी आम लोगों से मिलते दिख रहे हैं। कभी वे किसी बच्चे के साथ होते हैं, कभी किसी स्टूडेंट के साथ, तो कभी सफाईकर्मी के साथ। दरअसल, यात्रा में जो दिख रहा है, वैसा सब कुछ इतना ईजी नहीं है। जैसा दिखता है, वैसा होता बिल्कुल नहीं है। राहुल अचानक किसी से नहीं मिलते और न ही रास्ते में खड़े किसी व्यक्ति को मिलने बुलाते हैं। यात्रा के दौरान कौन, कब मिलेगा, कैसे मिलेगा और कहां खड़ा होगा? ये सब पहले से तय होता है। मिलने वालों की पूरी जांच होती है। यह सब तय करती है राहुल गांधी की मैनेजमेंट टीम। राहुल से मिलने वाले व्यक्ति एक दिन पहले ही तय हो जाते हैं। पढ़िए, पूरी खबर