विधानसभा चुनाव इसी साल होने हैं। उससे पहले वोटर लीस्ट भी अपडेट की जा रही हैं। बुधवार को नगर पालिका टाउन हॉल में 13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कार्यक्रम भी आयोजित किया। इसमें लोकतंत्र की शपथ ली व मतदाता के आंकड़े भी जारी किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अवधनारायण पालीवाल (सेवानिवृत्त प्राचार्य भगतसिंह शास. महाविद्यालय जावरा) व शैलेन्द्र निगम (सेवानिवृत्त आफिस कानूनगो) रहे। अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी हिमांशु प्रजापति व तहसीलदार व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी लीना जैन ने की।
अतिथियों का स्वागत इलैक्शन सुपरवाईजर ईश्वरलाल राठौर, राजेश मेहरा, मुकेश कुमरावत, सुभाषचन्द्र धनोलिया, बीएलओ श्रीनाथ शर्मा, सुरेन्द्र कुमार कुलस्ते, भरतलाल मुनिया व निर्वाचन कार्यालय के सदस्य पवन रावत, भेरुलाल प्रजापति, प्रहलाद सिंह पंवार ने किया।
निर्वाचन में सराहनीय सेवा देने पर विनोद सुमन (सहायक प्रोग्रामर), कल्पना नेका, नितेश यादव, मांगुदास बैरागी (कम्प्युटर ऑपरेटर) को प्रशंसा पत्र प्रदान किया। विधानसभा जावरा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ शिवनारायण चौधरी, देवु निम्बडवा व जाकिर हुसैन को कलेक्टर जिला रतलाम की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन देवेन्द्र दैया ने किया। आभार नानूराम चौहान ने माना।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नोटिस
विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हड़ताल पर हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से मतदान केन्द्र पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस का कार्यक्रम आयोजित नहीं करने पर एसडीएम ने कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए। इस कार्यक्रम में सभी मतदाताओं को लोकतंत्र की शपथ दिलाई गई।
जावरा विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 27 हजार 29 मतदाता
मतदाता सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 लाख 15 हजार 159 हैं, जबकि महिला मतदाता 1 लाख 11 हजार 860 है। समानता में सिर्फ 3299 वोट का ही अंतर है। साल 2018 में 18 से 39 साल तक के मतदाता 1 लाख 9628 थे, जो साल 2023 में बढ़कर 1 लाख 14 हजार 743 हो गए।
चुनाव में अभी समय है, ऐसे में 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2023 की स्थिति में 18+ की आयु पूरी करने वाले नए मतदाताओं के नाम भी सूची में अपडेट होंगे। संभावना है कि मतदाताओं की संख्या 5 हजार और बढ़ेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.