रतलाम के मोतीनगर में सौतले पिता की घिनौनी करतूत सामने आई है। सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी को घर में अकेला पाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी पिता ने जान से मारने की धमकी देकर नाबालिग के साथ कई बार दुष्कर्म किया। रविवार को पीड़ित युवती की तबीयत बिगड़ने पर उसने यह बात अपनी मां को बताई। इसके बाद पीड़ित युवती ने मां के साथ पहुंचकर दीनदयाल नगर थाने पर शिकायत दर्ज कराई है।
सौतेले पिता द्वारा नाबालिग बेटी से दुष्कर्म की यह घटना दीनदयाल नगर थाने के मोतीनगर की है। बेटी की उम्र 16 साल है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी सौतेले पिता ने उसकी मां से 7 साल पहले शादी की थी। 29 मई को आरोपी पिता ने नाबालिग की मां से मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। रात में बेटी से दुष्कर्म किया। घटना किसी को नहीं बताने की धमकी दी। बेटी कुछ दिनों के लिए अपनी नानी के घर चली गई। लेकिन आरोपी पिता उसे 8 जून को उसे फिर अपने घर ले आया। 8 जून को ही दोपहर में मां मजदूरी करने घर से बाहर गई तो सौतेले पिता ने मौका पाकर दोबारा दुष्कर्म किया। जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म की बात किसी को नहीं बताने को कहा।
घर में ही यौन शोषण का शिकार हो रही नाबालिग की तबीयत बिगड़ने पर रविवार को उसने अपनी मां को यह बात बताई। इसके बाद मां के साथ पीड़ित ने दीनदयाल नगर थाने पर शिकायत दर्ज कराई है। दीनदयाल नगर थाने पर दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी पिता फरार हो गया है, जिसकी तलाश में दीनदयाल नगर थाना पुलिस जुटी हुई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.