सऊदी अरब से लौटे युवक ने रीवा के अमिरती गांव को छोटा पाकिस्तान बताकर उन्माद फैलाने की कोशिश की है। इसके बाद सामाजिक संगठनों की मदद से पुलिस को जानकारी दी गई थी। पुलिस की विवेचना के बाद नोडल थाने सिविल लाइन में मंगलवार को मामला दर्ज कर लिया गया। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
एक-दो दिन के अंदर आरोपी का पासपोर्ट और वीजा जब्त कर गिरफ्तारी हो सकती है। वहीं साइबर सेल अपने स्तर से आरोपी की जानकारी जुटा रही है। साथ ही आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी पुलिस की नजर है।
IT नोडल थाना एवं सिविल लाइन थाने के प्रभारी निरीक्षक ओंकार तिवारी ने बताया कि अफसर खान नाम के युवक ने गुढ़ थाना क्षेत्र के अमिरती गांव को छोटा पाकिस्तान बताया था, जबकि युवक भी उसी गांव का रहने वाला है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि वह कुछ दिन पहले ही सऊदी अरब के ओमान शहर से युवक लौटा था, जिसने सामूहिक उन्माद फैलाने की कोशिश करते हुए गांव की शांति भंग करने की कोशिश की थी।
अफसर खान ने अपने फेसबुक अकाउंट पर देश के खिलाफ पोस्ट करते हुए गलत शब्द लिखे। साथ ही इन पोस्टों को सोशल मीडिया में वायरल भी किया था। उसके खिलाफ बीते दिन कुछ पहले सामाजिक संगठनों के माध्यम से एक शिकायत आई थी, जिसकी विवेचना के बाद IT नोडल थाने में मामला दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि IT एक्ट की धारा 153 ख 67 के तहत FIR दर्ज हो चुकी है। इसकी केस डायरी गुढ़ थाने भेजने की प्रक्रिया हो गई है। वहीं गुढ़ थाने की निरीक्षक आराधना सिंह ने बताया कि अभी हमारे पास केस डायरी नहीं पहुंची है। जैसे ही डायरी मिलेगी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी ने अमिरती को क्यों बताया मिनी पाकिस्तान
अमिरती ग्राम पंचायत मुस्लिम बहुल्य है। इस पंचायत में तीन गांव अमिरती, महाडाढ़ी और धांधी आते हैं। ग्राम पंचायत की आबादी 7 हजार है, जिसमें 5 हजार मुस्लिम हैं। 3 हजार वोटर में से मुस्लिमों की संख्या 2 हजार है।
साइबर थाने को मिली FIR के बाद जानकारी
IT एक्ट के प्रकरण को लेकर जब दैनिक भास्कर संवाददाता ने साइबर सेल निरीक्षक वीरेन्द्र पटेल से बात की तो उन्होंने पहले अनभिज्ञता जाहिर की। बाद में कहा कि मुझे भी FIR के बाद मामले की जानकारी हुई है। हालांकि उन्होंने कहा कि जब केस डायरी गुढ़ थाने पहुंच जाएगी तब पुलिस फेसबुक के संबंध में जानकारी मांगेगी।
तो जब्त हो जाएगा पासपोर्ट और वीजा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिस तरह से समाज में शांति भंग करने की कोशिश की गई है। साथ ही अपने देश के अंग को दूसरे देश का अंग बताने वाले लोग नहीं बख्शे जाएंगे। उनकी जल्द गिरफ्तारी होगी। साथ ही जांच में देश विरोधी पाए जाने पर पासपोर्ट और वीजा जब्त हो सकता है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.