जिला पंचायत सागर की पूर्व उपाध्यक्ष सरोज सिंह ने बांदरी में आयोजित कार्यक्रम में 9.16 करोड़ लागत के हड़ुआ-हड़ली मड़ावनमार मार्ग का भूमि पूजन किया। साथ ही बांदरी के चार ग्रामों में 39.36 लाख लागत के चार आंगनवाड़ी भवनों की सौगात दी। बांदरी नगर परिषद अंतर्गत मूड़री गांव में 9.84, सातपुर गांव में 10.37, पीरई गांव में 8.78 एवं सेमरा जामूदीप गांव में 10.37 लाख लागत के नवीन आंगनवाड़ी भवन निर्माण का भूमिपूजन किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष सरोज सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि यहां नया आंगनबाड़ी भवन बनने से सुविधाओं में बढ़ावा होगा। बच्चों को अच्छा पोषण आहार, गर्भवती महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा, नवजात शिशुओं के समय पर टीकाकरण की सुविधा मिलेगी।
सरोज सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार जनकल्याण की अनेक योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म होने पर उसे लाड़ली लक्ष्मी योजना से जोड़ा जाता है। माता-पिता पर बेटियां बोझ न बने इसलिए सरकार उनकी पढ़ाई का खर्चा उठाती है। बेटी किसी भी प्रकार शिक्षा ग्रहण करना चाहे उसकी फीस मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार भरती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने बेटियों के विवाह के लिए मुख्यमंत्री कन्यादान योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं बनाई हैं।
जिला पंचायत सागर की पूर्व उपाध्यक्ष सरोज सिंह ने हड़ुआ-हड़ली मड़ावनमार मार्ग के भूमिपूजन कार्यक्रम में कहा कि बांदरी के नगर परिषद बनने के बाद क्षेत्र की तस्वीर बदल गई है। उन्होंने कहा कि विगत दिनों मंत्री सिंह ने पहरगुवां में 2 करोड़ लागत की विभिन्न सीसी सड़कों का लोकार्पण किया था।
सरोज सिंह ने कहा कि मंत्री भूपेंद्र सिंह ने पहरगुवां में 1.22 करोड़ की लागत से जर्जर स्थान को सुंदर झील का स्वरूप देकर एक पिकनिक स्पाट के रूप में बदल दिया है। सरोज सिंह ने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले इसलिए भूपेंद्र मंत्री सिंह ने बांदरी में 38 करोड़ की लागत का सीएम राइज स्कूल स्वीकृत कराया है।
इन्होंने ली भाजपा की सदस्यता
प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने खुरई विधानसभा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्य और महिलाओं के लिए रोजगार दिलाने किए जा रहे निरंतर प्रयासों से प्रभावित होकर बांदरी में महिलाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।
जिला पंचायत की पूर्व उपाध्यक्ष सरोज सिंह ने समक्ष बांदरी के ग्राम मूड़री से एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने भाजपा की सदस्यता ली। सरोज सिंह ने सभी महिला सदस्यों को भाजपा के कमल के फूल वाला दुपट्टा पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई और पार्टी में उनका स्वागत किया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.