- Hindi News
- Local
- Mp
- Sagar
- Bina
- Petrol Tanker Hit By Bulker, Tanker Driver Injured
पेट्रोल टैंकर को बल्कर ने मारी टक्कर, टैंकर का ड्राइवर घायल
- कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | बीना
आगासौद थाना क्षेत्र अंतर्गत बीना रिफाइनरी गेट नंबर 3 के पास शुक्रवार शाम करीब 4 बजे पेट्रोल से भरे टैंकर और फ्लाई ऐश के खाली बल्कर के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में टैंकर चालक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए रिफाइनरी अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बल्कर जेपी की ओर जा रहा था, जबकि पेट्रोल से भरा टैंकर रिफाइनरी से रिफिलिंग के बाद बीना की ओर आ रहा था। गेट नंबर 3 से आगे निकलते ही सामने से आ रहे बल्कर और टैंकर की साइड से टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल टैंकर चालक को केबिन से बाहर निकाला और उपचार के लिए रिफाइनरी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि राहत की बात यह रही कि दुर्घटनाग्रस्त टैंकर में बल्कर सीधे सामने से नहीं टकराया, यदि टक्कर साइड से न होकर आमने सामने से हुई होती तो गंभीर घटना हो सकती थी। घटना की जानकारी मिलने पर आगासौद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया। इस मामले में आगासौद टीआई अनुपमा शर्मा का कहना है कि हादसे में एक चालक घायल हुआ है लेकिन गंभीर चोटें नहीं आई हैं। उपचार के बाद चालक अस्पताल से चला गया है, शाम तक कोई शिकायत दर्ज कराने नहीं आया है। शिकायत पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






















