- Hindi News
- Local
- Mp
- Sagar
- Bina
- Stray Cattle Cause Inconvenience To Commuters And Passersby, Demand For Sending Them To Cow Shelter
आवारा मवेशियों से यात्रियों और राहगीरों को असुविधा, गोशाला भेजने की मांग की
- कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | मंडी बामोरा
स्थानीय रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर इन दिनों आवारा मवेशियों की धमाचौकड़ी से यात्रियों और राहगीरों का चलना दूभर हो गया है। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार, टिकट काउंटर के आसपास दिनभर मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है। जिससे कभी भी हादसे की आशंका बनी रहती है।
रेलवे स्टेशन से रोजाना सैकड़ों की संख्या में यात्री सफर करते हैं। ट्रेन आने और जाने के समय स्टेशन के बाहर ऑटो, ई-रिक्शा और निजी वाहनों की भीड़ रहती है। इसी भीड़ के बीच दर्जनों आवारा मवेशी बीच सड़क पर बैठे रहते हैं या आपस में लड़ते नजर आते हैं। कई बार मवेशियों की आपसी लड़ाई की चपेट में आने से यात्री बाल-बाल बचे हैं, वहीं दोपहिया वाहन चालक भी गिरकर चोटिल हो चुके हैं।
यात्रियों का कहना है कि मवेशियों के दिनभर डेरा जमाए रखने से स्टेशन के बाहर जगह-जगह गंदगी फैल रही है। बारिश या पानी गिरने पर स्थिति और भी बदतर हो जाती है। स्टेशन के आसपास ठेला लगाने वाले छोटे दुकानदारों का भी कहना है कि मवेशी अक्सर सामान को नुकसान पहुंचाते हैं। वहीं स्टेशन के समीप ही रेल कर्मियों के लिए आवासीय कमरे बने हुए हैं। अलग-अलग ब्लॉक में सैकड़ों परिवार रह रहे हैं। लोगों का कहना है भीतर ब्लॉक में जगह-जगह इनका झुंड घूमता है। कई बार खाने की खोज में ये मकान के भीतर घुसकर खाने पीने की सामग्री का नुकसान कर चुके हैं।
दैनिक यात्रियों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या की ओर न तो प्रशासन ध्यान दे रहा है और न ही रेलवे प्रबंधन। पूर्व में भी कई बार मवेशियों को हटाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। यात्रियों ने आवारा मवेशियों को तत्काल पकड़कर गोशाला भेजने की मांग की है।






















