रानी दुर्गावती वन्यजीव अभयारण्य के जबेरा क्षेत्र में सेल्फी के चक्कर में युवक की जान चली गई। यहां स्थित नजारा पॉइंट पर शनिवार सुबह जबलपुर से आया युवक सेल्फी ले रहा था। पैर फिसलने के कारण वह करीब 250 फीट गहरी खाई में जा गिरा। साथियों ने उसे तलाशा, नहीं मिलने पर वापस जबलपुर लौटे और परिजनों को साथ लेकर आए। इसके बाद सिंगरामपुर चौकी पर सूचना दी। पुलिस ने वन अमले के साथ मिलकर करीब साढ़े सात घंटे में उसे खोजा।
जबलपुर का रहने वाला स्नेह त्रिवेदी शनिवार सुबह करीब 7 बजे गोरखपुर स्थित नजारा पॉइंट आया था। साथ आए दोस्त हर्ष ने बताया कि वह 3 दोस्त बाइक से नजारा पॉइंट पहुंचे थे। स्नेह अलग-अलग जगह खड़े होकर सेल्फी ले रहा था, जिस समय यह हादसा हुआ, सभी दोस्त पानी लेने गए थे। इधर-उधर उसे काफी खोजा, पर वह नहीं मिला।
इस दौरान नजारा पॉइंट से नीचे पहाड़ी के एक हिस्से में स्नेह की चप्पल दिखाई दी। जंगल में उतरकर खोजने का प्रयास किया, लेकिन कई फीट की गहराई होने के कारण वह उसे नहीं खोज पाए। घबराहट में वापस जबलपुर गए और वहां परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोबारा घटना स्थल पहुंचे।
अनुमति के एक घंटे पहले पहुंच गए थे
डीएफओ एमएस उइके ने बताया सुबह सूचना मिलते ही पुलिस व वन विभाग के कर्मचारी स्नेह की तलाश में जुट गए। करीब सात घंटे बाद शव को खोजने में सफलता मिली। पूछताछ में दोस्तों ने बताया कि वे सुबह 7 बजे ही नजारा पाॅइंट पर पहुंच गए थे। उइके के अनुसार यहां जाने की अनुमति 8 बजे से दी जाती है, लेकिन ये बच्चे चुपके से वहां पहुंच गए थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.