सागर के बंडा में दुष्कर्म के आरोपी को फांसी की सजा और मकान तोड़ने की मांग को लेकर ओबीसी महासभा, लोधी क्रांति सेना और भीम आर्मी ने बरा चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सड़क पर धरने पर बैठ गए। सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर जाम लगाया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने दुकानें बंद कराने की कोशिश की। स्थितियां देखते हुए पुलिस ने लाठी चॉर्ज कर भीड़ को खदेड़ा। इस दौरान भगदड़ की स्थिति बनी।
दरअसल, बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम खजरा भेड़ा गांव में 13 वर्षीय नाबालिग का अपहरण कर 59 साल के व्यक्ति ने दुष्कर्म किया था। मामला सामने आते ही 14 अगस्त को पुलिस ने दुष्कर्म, अपहरण समेत अन्य धाराओं में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। इसी मामले में बुधवार को आरोपी को फांसी की सजा की मांग को लेकर बंडा के बरा चौराहे पर प्रदर्शन किया गया। यहां बड़ी संख्या में भीड़ जमा हुई। भीड़ ने सरकार, पुलिस प्रशासन और वर्ग विशेष के नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना पर एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाहा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात की।
पुलिस ने लाठीचॉर्ज कर भीड़ को खदेड़ा
धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बाजार में लगी दुकानें जबरन बंद कराने की कोशिश की। जैसे ही वे दुकानें बंद कराने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोका। स्थितियां देखते हुए पुलिस ने हल्का बल उपयोग कर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस का डंडा चलते देख मौके पर भगदड़ मच गई। बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बना। हालांकि पुलिस ने स्थितियों को नियंत्रण में ले लिया है। इस दौरान बरा चौराहे मार्ग पर जाम के हालात बने रहे। जिससे वाहन चालक और आम लोग परेशान हुए।
एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाहा ने बताया कि मांगों को लेकर कुछ संगठन प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने सड़क पर चक्काजाम किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने बाजार में लगी दुकानें जबरन बंद कराने की कोशिश की। उन्हें समझाइश दी गई। लेकिन नहीं मानें। जिसके बाद हल्का बल उपयोग कर उन्हें खदेड़ा गया है। स्थितियां सामान्य है। मौके पर पुलिस बल तैनात है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.