सागर में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू किया है। पिछले एक सप्ताह से झुलसा देने वाली धूप पड़ रही है। गर्म हवाएं और लू के थपेड़ोंं से लोगों के हाल बेहाल हैं। गर्मी के इस सीजन में पहली बार सागर में दिन का पारा 46 डिग्री पार पहुंचा है। सुबह 9 बजे से ही तेज धूप पड़ रही है। गर्मी से बचने के लिए लोग शीतलपेय पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। दोपहर के समय लोग कम ही बाजार में निकल रहे हैं।
इधर, रविवार को अचानक मौसम ने करवट बदली है। आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ वातावरण में गर्मी है। इस बार सागर में पिछले 10 साल में गर्मी ने अपने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस सीजन में यह पहली बार है, जब पारा 46 डिग्री पर पहुंचा है। 2015 में पारा 46 और 2016 में 46.4 डिग्री रहा था, लेकिन वह 20 से 21 मई के बीच रिकॉर्ड में लिया गया। जबकि इस बार दिन का तापमान शुरू से ही चढ़ा है। केवल दिन के तापमान में ही नहीं, बल्कि रात का तापमान भी बढ़ रहा है।
रविवार सुबह अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री और न्यूनतम पारा 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अब लगातार गर्मी की संभावना नहीं है। 16 मई से अगला सिस्टम सेट हो जाएगा। इससे तापमान में गिरावट होगी। उसके जाने के बाद कुछ तापमान में बढ़ोतरी होगी। अब इसी तरह मौसम रहेगा। 25 मई के आसपास फिर से गर्मी के तेवर थोड़े तीखे होने की संभावना है। आगामी 24 घंटों में बादलों की आवाजाही के बीच गर्मी बनी रहेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.