सागर के गोपालगंज थाना क्षेत्र के शुक्रवारी टौरी क्षेत्र में गुुरुवार सुबह बीजेपी के पूर्व पार्षद के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सामने आते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नईम खान के बेटे इमरान उर्फ बादशाह खान (33) गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे पैदल जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने इमरान को गोली मार दी। उधर, गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल इमरान को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की जानकारी के बाद अस्पताल में इमरान के परिचितों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि इमरान को काफी करीब से गोली मारी गई है। गोली बाएं पैर में कमर-जांघ के बीच लगी है। मौके पर अधिक खून बह गया था। वारदात का कारण पुरानी रंजिश बताई जा रही है। इस संबंध में पुलिस फिलहाल जांच पड़ताल कर रही है।
पीली कोठी ट्रस्ट से जुड़े विवाद में चली गोली
सूत्रों की माने तो पीली कोठी ट्रस्ट से जुड़े विवाद में इमरान की गोली मारकर हत्या की गई है। हत्या में ट्रस्ट से जुड़े एक व्यक्ति के बेटे का नाम सामने आ रहा है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। वहीं आरोपी की तलाश की जा रही है।
एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाहा ने बताया कि हत्या के आरोपी की तलाश की जा रही है। अब तक जांच में पुराने विवाद में गोली मारने की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई हैं।
सूत्रों के अनुसार शहर की पीलीकोठी दरगाह की इंतजामिया कमेटी में अनियमितताओं को लेकर ट्रस्टियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी के पिता को कमेटी से हटा दिया गया था। वहीं मृतक इमरान कमेटी का अध्यक्ष था। तभी से दोनों के बीच रंजिश चली आ रही थी। इसी विवाद के चलते हत्या की जाने की बात सामने आ रही है। वहीं गोली मारने वाला आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.