जिले के शाहगढ़ थानाक्षेत्र में नशेड़ी पति ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों के बीच विवाद में युवक ने पत्नी पर धारदार हंसिये से 5 वार किए। बचाव में पत्नी ने हाथ आगे किया, तो दो उंगलियां कट गईं। महिला के हाथ पर पांच घाव और सिर पर चोटें लगी हैं। सूचना पर महिला के देवर, ससुर और पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर बचाया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सूचना के अनुसार मंगलवार रात मानसिंह लोधी निवासी शाहगढ़ नशे में धुत होकर घर पहुंचा। यहां पत्नी मानबाई लोधी के साथ विवाद करने लगा। विवाद होते देख बेटा आशीष लोधी बीच-बचाव करने पहुंंचा, लेकिन मानसिंह ने उसके साथ मारपीट कर भगा दिया। इसी बीच, मानसिंह ने हंसिए से पत्नी मानबाई पर हमला कर दिया। एक के बाद लगातार 5 वार किए। बचने के लिए मानबाई ने हाथ आगे किया, तो दांएं हाथ की दो उंगलियां कट गई।
घटनाक्रम देख बेटा आशीष दौड़ा और चाचा, दादा और पड़ोसियों को बुलाया। लोगों ने पहुंचकर मानबाई को बचाया और अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल मानबाई को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, घायल के देवर बालकिशन ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने मानसिंह लोधी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
घायल मानबाई ने बताया, पति मानसिंह हमेशा नशे में धुत रहता है। इसे लेकर विवाद होता है। वह घर आकर बच्चों के सामने विवाद करता है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.