सागर जिले के खुरई शहरी थाना क्षेत्र में श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड में घर के सामने सड़क पर मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का खून से लथपथ शव मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। मामले में संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस मृतक के समधी भीष्म सिंह घोषी की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान भीष्म सिंह ने ही मृतक की हत्या की है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरा घटनाक्रम सामने आ सकेगा।
खुरई थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि मृतक प्रहलाद पुत्र रतिराम घोषी (50) निवासी बलोप गांव हाल निवासी श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड का खून से लथपथ शव घर के सामने सड़क पर पड़ा मिला था। मामले में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट में मृतक की ज्यादा खून बहने के कारण मौत होना पाया गया।
मृतक के कान के पिछले हिस्से और कान पर किसी ठोस हथियार से बार किए गए थे। जिससे खून बहना चालू हो गया और उसकी मौत हो गई थी। घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी स्थिति स्पष्ट हो गई। मृतक का विवाद समधी भीष्म सिंह घोषी से हुआ था, जिसमे उसकी हत्या हो गई। आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्दी ही गिरफ्तार किया जाएगा।
परिचितों के अनुसार 4 माह पहले ही लॉकडाउन के समय मृतक प्रहलाद के बेटे का विवाह आरोपी भीष्म सिंह की बेटी से हुआ था। दोनों नए समधी थे। मोहल्ले में दोनों आमने-सामने रहते थे। जिससे दोनों के बीच पहले भी विवाद हुए। इस बार विवाद बढ़ा और समधी ने समधी की हत्या कर दी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.