सागर जिले के नगरीय निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर दीपक आर्य ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार जिले की सभी 13 नगर पालिका और नगर परिषदों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव 7 से 12 अगस्त तक कराए जाएंगे।
अलग-अलग तारीखों में यह चुनाव होंगे। इसमें मालथौन, बिलहरा और शाहपुर नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव 7 अगस्त को सुबह 11 बजे से स्थानीय मुख्यालय पर होंगे। वहीं बरौदियाकलां नगर परिषद में 8 अगस्त और बांदरी नगर परिषद में 10 अगस्त को अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव होंगे। इसके अलावा बंडा नगर परिषद में 8 अगस्त, शाहगढ़ व सुरखी नगर परिषद में 10 अगस्त और राहतगढ़ नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 12 अगस्त को सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
नगर पालिकाओं में इन तारीखों में होंगे चुनाव
सागर जिले की चार नगर पालिकाओं में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव की भी तारीखों की घोषणा कर दी गई है। इसमें मकरोनिया और बीना नगर पालिका में 8 अगस्त, देवरी नगर पालिका में 10 अगस्त और रहली नगर पालिका में 12 अगस्त को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव होंगे। नगर पालिका और नगर परिषदों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.