प्राइवेट स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों को चयनित कर सीएम राइज स्कूल में विकसित किया गया है। सागर के शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक- 1 को सीएम राइज विद्यालय में चयनित किया गया है। इस विद्यालय में केवल छात्राएं अध्ययन करेंगी, जिनकी संख्या करीब 2500 रहेगी। इस समय स्कूल में 1800 छात्राएं अध्ययनरत हैं। सीएम राइज स्कूल के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध है।
जिसमें शासन द्वारा डीपीआर स्वीकृत किया जा चुका है। इंदौर की कन्सल्टेंसी कंपनी द्वारा सर्व सुविधा युक्त विद्यालय का नक्शा बनाया गया है। जिसमें पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेल मैदान, संगीत, कम्प्यूटर लैब, वाहन पार्किंग, शौचालय, शुद्ध पेयजल, स्मार्ट कक्षाओं की सुविधा रहेगी ।
56 विषय शिक्षकों की हुई पदस्थापना
सीएम राइज स्कूल में चयन होने के बाद छात्राओं के शैक्षणिक विकास के लिए विद्यालय में प्राचार्य, उपप्राचार्य, प्रधानअध्यापक, 56 विषय शिक्षक, खेल शिक्षक लाइब्रेरियन, कम्प्यूटर शिक्षक को परीक्षा के बाद चयनित कर उनकी पदस्थापना की जा चुकी है। सीएम राइज शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आसपास के नगरीय वार्डों और ग्रामों की छात्राओं के लिए स्कूल आने-जाने के लिए परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
विद्यालय के पुस्तकालय में प्रतिदिन छात्राओं को कालखंड के अनुसार अध्ययन की सुविधा कराई गई है। खेल शिक्षक द्वारा विद्यालय की छात्राओं को हॉकी, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, कुश्ती आदि का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सीएम राइज एमएलबी क्रमांक- 1 में कक्षा छठवीं और कक्षा नवमीं में अंग्रेजी माध्यम में अध्यापन कार्य कराया जा रहा है। निजी स्कूलों की तर्ज पर विद्यालय सुबह 10 से शाम 5 बजे तक लग रहा है। साथ ही हिंदी माध्यम में छात्राओं को अध्यापन कराया जा रहा है। छात्राओं की सुरक्षा के लिए विद्यालय में 7 सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.