ठंड पड़ते ही सांप निकलने की घटनाएं फिर बढ़ने लगी हैं। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात सिरोंजा में पेट्रोल पंप के पास बने एक मकान में कोबरा घुस गया। जो कमरे में सो रहे युवक हरगोविंद प्रजापति के बेड तक पहुंच गया। कोबरा करीब 5 फीट लंबा था जो ठंड से बचने के लिए युवक की रजाई में जा घुसा।
रात करीब डेढ़ बजे हरगोविंद को नींद में बेड पर कुछ महसूस हुआ तो उसकी नींद खुली। कमरे की लाइट जल रही थी। रजाई में सांप को देखकर हरगोविंद के होश उड़ गए और उसने रजाई सहित सांप को बेड से नीचे फेंक दिया। इसके बाद वह कमरे से बाहर निकला और कमरे को बाहर से बंद कर दिया। सुबह करीब 6 बजे सर्प विशेषज्ञ अकील बाबा को सूचना दी। उन्होंने मौके पर जाकर युवक के कमरे से 5 फीट लंबे कोबरा प्रजाति के सांप को पकड़ लिया। दैनिक भास्कर से सांप के साथ सोने वाले युवक से बात की, पढ़िए...
मैं यहां सागर में ज्ञानसागर कॉलेज की कैंटीन में काम करता हूं। सिरोंजा में किराए का कमरा लेकर रहता हूं। सोमवार को ससुराल से लौटकर आया था। रात में कमरे पर पहुंचा और साफ-सफाई की। तब कहीं कुछ नहीं था। रात 10.30 बजे सो गया। देर रात मुझे रजाई में कुछ महसूस हुआ और गुदगुदा सा लगा। कुछ समझ नहीं आया। लाइट चालू थी। जैसे ही रजाई उठाई और देखा तो मेरे साथ रजाई में सांप था। घबरा गया। तुरंत रजाई के साथ सांप को पलंग से नीचे फेंक दिया। सांप ने फन उठा लिया।
वह जमीन पर फन उठाकर फुफकारते हुए पलंग के चारों ओर चक्कर लगाता रहा। मैं पलंग पर ही बैठा रहा। 15 मिनट बाद सांप शांत हुआ और पलंग के नीचे घुसा, मैं तेजी से रूम से बाहर निकल गया।
बाजू में रहने वाले मामा रामचरण प्रजापति के कमरे में पहुंच गया। सांप इतना बढ़ा था कि उसे देख लगा कि आज बच पाना मुश्किल है। गनीमत रही कि मैं पलंग पर सो रहा था। अगर नीचे सो रहा होता तो कुछ भी हो सकता था। कुछ अच्छे कर्म और किस्मत से बच गया। हलक में जान अटक गई थी। सुबह तक कुछ समझ नहीं आ रहा था। (जैसा हरगोविंद प्रजापति ने बताया)
खबर आगे पढ़ने से पहले इस पोल पर अपनी राय दे सकते हैं...
3 दिन पहले मामी ने देखा था सांप
हरगोविंद ने बताया कि रूम के पास करीब तीन दिन पहले मामी ने सांप देखा था। उन्होंने मुझे बताया था कि रूम के पास सांप था, लेकिन इसके बाद वह नजर नहीं आया। मैंने भी रात को सोने से पहले बिस्तर को साफ किया था। तब कुछ नहीं था। संभवत: सांप देर रात रूम की खिड़की से अंदर आया होगा और पलंग पर चढ़कर रजाई में घुस गया। भगवान का शुक्र है कि पत्नी और बच्चे साथ नहीं थे। पत्नी मायके गई हुई है।
डसने से हो सकती थी युवक की मौत
स्नेक कैचर अकील बाबा ने बताया कि सूचना पर सिरोंजा पहुंचा तो कमरे में रजाई के नीचे सांप था। उसे रेस्क्यू कर पकड़ा। सांप कोबरा प्रजाति का था। यदि वह युवक को डस लेता, तो जान भी जा सकती थी। सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया है।
इसे खबर को भी पढ़ें...
ढाई फीट लंबे सांप को जिंदा निगल गया कोबरा:नर्मदापुरम में रेस्क्यू के बाद उगला मरा हुआ सांप; देखिए VIDEO
नर्मदापुरम में एक कोबरा का दीवड़ सांप उगलते हुए VIDEO सामने आया है। इसमें 5 फीट लंबा कोबरा सांप, ढाई फीट के दीवड़ सांप को मुंह से उगलता दिख रहा है। दीवड़ की मौत हो गई, जिसके बाद उसे जला दिया गया। वहीं, कोबरा को जंगल में छोड़ दिया गया। पूरी खबर पढ़ें...
ये खबर भी पढ़ें -
किताब के लिए बैग खोला तो निकली नागिन, VIDEO: दतिया में क्लासरूम में मचा हड़कंप
दतिया में एक छात्रा के स्कूल बैग से नागिन निकली। छात्रा ने स्कूल में किताबें निकालने के लिए जैसे ही बैग में हाथ डाला तो उसे सांप नजर आया। यह देखकर वह घबरा गई। उसने टीचर को इसकी जानकारी दी। टीचर ने तत्काल उसका बैग लेकर स्कूल से बाहर की ओर दौड़ लगा दी। बाहर बैग झटकने पर उसमें से दो फीट की नागिन निकली। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.