• Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Satna
  • Bride's Farewell By Helicopter For The First Time, Engineer Daughter Is Married To Navy Commander

मैहर की लाडली ने पिया के घर भरी उड़ान:पहली बार हेलीकॉप्टर से हुई दुल्हन की विदाई, नेवी कमांडर से हुआ है किसान की इंजीनियर बेटी का विवाह

सतनाएक वर्ष पहले

मैहर के एक साधारण परिवार में जन्मी बेटी हेलीकॉप्टर पर सवार हो कर अपनी ससुराल के लिए विदा हुई। सतना रोड निवासी किसान अजय सिंह और संध्या सिंह की लाडली बेटी आयुषी का विवाह नेवी के लेफ्टिनेंट कमांडर अरविंद सिंह के साथ 27 अप्रैल को हुआ। अरविंद रीवा निवासी रिटायर्ड सूबेदार अर्जुन सिंह और ऊषा सिंह के सुपुत्र हैं।

आयुषी इंजीनियर हैं और एमटेक करने के बाद इंदौर में सेवारत हैं। आयुषी-अरविंद के विवाह की सभी रस्में मैहर में सतना रोड स्थित अजय सिंह के निवास बेल्दरा हाउस से हुई। दुल्हन की विदाई के लिए उसके पिता ने पांच लाख रुपए में हेलीकॉप्टर बुक किया था।

जयपुर से अरिहंत कंपनी का यह हेलीकॉप्टर 28 अप्रैल को सुबह 10 बजे मैहर पहुंचा। आधे घंटे बाद विदाई की रस्म हुई और दूल्हा-दुल्हन इस पर सवार हो कर रीवा रवाना हो गए। मैहर में विवाह स्थल के पास में ही हेलीपैड बनाया गया था।

अजय सिंह चाहते थे कि उनकी बेटी का ब्याह शानदार ढंग से हो और उसकी विदाई भी शानो शौकत से हो लिहाजा उन्होंने अपनी लाडली की विदाई के लिए हेलिकॉप्टर बुक किया। यह उनके परिवार की पहली शादी थी, इसलिए धूमधाम में आयुषी के पिता कोई कसर छोड़ना नहीं चाहते थे।

मैहर में पहली बार हेलिकॉप्टर से विदाई

यह पहला मौका है जब मैहर की किसी बेटी की विदाई हेलिकॉप्टर से हुई। इसके पहले अभी तक कभी ऐसा नहीं हुआ था, जब दुल्हन विदा हो कर उड़न खटोले से ससुराल गई। इसे लेकर आयुषी उसके पिता अजय सिंह, मां और पूरा परिवार बेहद उत्साहित थे। वहीं मैहर के लोग भी इस क्षण के साक्षी बनने के लिए आतुर थे।

खबरें और भी हैं...