सतना में एक दूल्हा दुष्कर्मी निकला। हनीमून जाने से पहले ही पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। वह शादी के बाद दुल्हन को विदा कराकर घर ले जा रहा था, तभी रास्ते में पुलिस ने उसकी गाड़ी रोक ली। पुलिस उसे गिरफ्तार करके दुल्हन, बारातियों के साथ थाने ले आई। यहां पर बारातियों को दूल्हे का गुनाह बताया। इसके बाद पुलिस ने बाराती और दुल्हन को घर भेज दिया और दूल्हे को जेल।
पुलिस के मुताबिक नीरज सिंह गोड़ पुत्र अर्जुन (28) निवासी जमुआनी थाना कैमोर जिला कटनी के खिलाफ 2016 में बदेरा थाना क्षेत्र में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। जब काफी कोशिशों के बाद आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ तो एसपी ने एक हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। वह लगातार 5 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था। 23 जून को सतना के रामनगर क्षेत्र के एक गांव में आरोपी के परिजनों ने दूसरी लड़की से रिश्ता तय कर दिया था। वह गुरुवार को विवाह कराकर अपनी हम सफर के साथ घर ही जा रहा था, लेकिन पुलिस ने दुष्कर्मी दूल्हे को पकड़ लिया।
बदेरा बस स्टैंड से दोपहर में पुलिस ने पकड़ा
आरोपी दूल्हा बारात की विदाई कराकर गुरुवार की दोपहर बदेरा बस स्टैंड के रास्ते कटनी सीमा में प्रवेश करने ही वाला था। तभी बदेरा पुलिस को आरोपी के बारे में खबर लग गई। ऐसे में पुलिस ने आरोपी की कार को रोककर सीधे थाने ले गई। जहां मौके से ही गिरफ्तारी कर मैहर सिविल न्यायालय में पेश करते हुए उप जेल मैहर भेज दिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.