मध्यप्रदेश में भाजपा की विकास यात्रा में एक स्कूली बच्चे ने महात्मा गांधी पर आपत्तिजनक कविता पढ़ी है। इस मौके पर सीएम राइज स्कूल के मंच पर सिवनी के भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन सहित पार्टी के कई नेता मौजूद थे। गांधी पर कविता सुन भाजपा नेताओं ने जमकर तालियां बजाईं और बच्चे को शाबाशी दी। जबकि कविता में कहा गया कि- जलती रहीं नारियां जौहर में, गांधी फिर भी मौन थे, हमें सिखाया गया कि अकबर महान, फिर महाराणा प्रताप कौन थे।
सिवनी में मध्यप्रदेश सरकार की विकास यात्रा सोमवार से शुरू हो गई है। कार्यक्रम में मंच पर बच्चे की कविता सुन शिक्षा विभाग में जनपद शिक्षा अधिकारी के रूप में पदस्थ बीआरसी सुनील राय भी उसका हौसला बढ़ाते हुए नजर आए। आगे इस बच्चे ने गाया- सड़ती रहीं सड़कों पर लाशें, गांधी फिर भी मौन थे, हमें सिखाया गया कि गांधी के चरखे से आई आजादी, तो फिर वे फांसी पर चढ़ने वाले 25-25 साल के जवान कौन थे।
कांग्रेस ने साधा निशाना
इस मामले में सिवनी कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजकुमार खुराना का कहना है कि भाजपा के नेता अपने स्वार्थ के लिए एक ओर तो महात्मा गांधी की पूजा करते है। दूसरी ओर गांधी जी को अपमानित करने का भी काम करते हैं। भाजपा नेता सिर्फ राजनीतिक नफा-नुकसान के हिसाब से किसी भी महापुरुष का अपमान करने से बाज नहीं आते।
अब वो कविता पढ़ लीजिए जो बच्चे ने सुनाई...
जलती रहीं नारियां जौहर में, गांधी फिर भी मौन थे
हमें सिखाया गया कि अकबर महान तो महाराणा प्रताप कौन थे
सड़ती रही सड़कों पर लाशें, गांधी फिर भी मौन थे।
हमें सिखाया गया कि गांधी के चरखे से आजादी आई
फिर वो फांसी पर चढ़ने वाले 24-25 साल के नौजवान कौन थे
आज भी वो रस्सियां संजोकर रखी है, जिसमें गांधी अपनी बकरियां बांधा करते थे
अरे कहां गईं वो रस्सियां, जिस भगत सिंह राजगुरु और सहदेव हंसते-हंसते झूले थे
अरे फौलादे मुल्क देखकर रोया ना गया, कोशिश की हजार पर मुंह ढंककर सोया ना गया
कितने झूले थे फांसी पर, कितनों ने गोली खाई थी
अरे झूठ क्यों बोलते हो साहब की गांधी के चरखे से आजादी आई थी।
भाजपा नेताओं पर कई आरोप
कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि विकास यात्रा के समापन के अवसर पर कबीर वार्ड डूंडा सिवनी के सीएम राइज विद्यालय में स्कूल के बच्चे से इस तरह की कविता सुनवाई गई। इसमें महात्मा गांधी के प्रति दुष्प्रचार से जुड़ी झूठी बातें हुई थी। सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने तो बच्चे को पुरस्कृत भी किया। देश के आजादी में अपने बलिदान देने वाले महापुरुषों के बारे में स्कूल के बच्चों को इस तरह गलत इतिहास बताकर भाजपा के नेता और उसी विचारधारा के शिक्षक लोगो को क्या संदेश देना चाहते है, यह समझ से परे है।
सिवनी कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के वरिष्ठ नेता गांधी जी की जयंती और पुण्यतिथि पर ससम्मान श्रद्धांजलि देते हैं। वहीं, सिवनी के विधायक और भाजपा नेता गांधी जी को अपमानित करने वाली कविता पर बड़े ही उत्साहित नजर आए। बीजेपी नेताओं का यह दोहरा चरित्र देश के लिए घातक है।
बच्चों की बात को सीरियस नहीं लेना चाहिए- विधायक
इस बारे में सिवनी के भाजपा विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा, हमारा मानना है कि बच्चे हैं, उनकी अलग मानसिकता है। बच्चों की बात को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। बच्चों का मैटर है, बच्चे हल कर लेंगे। कोई नियम के खिलाफ है, तो वैसा करेंगे। राजनीति करना है तो हमसे करें हम बैठे है यहां के विधायक। बच्चों पर राजनीति करोगे तो पूरा सिवनी जिला तुमको माफ नहीं करेगा।
इस खबर पर आप अपनी राय दे सकते हैं...
कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग
वीडियो सामने आने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी ने कलेक्टर से मांग की कि महात्मा गांधी को अपमानित करने वाली कविता बच्चों से सुनवाने वाले शिक्षक को तत्काल निलंबित किया जाए। इस तरह की घटना शासकीय विद्यालयों में दोबारा न हो, सभी विद्यालयों को आदेश जारी करने का कष्ट करें।
सोशल मीडिया पर वायरल है कविता
यह कविता सोशल मीडिया पर पहले से काफी वायरल है। 2017 में पोस्ट हुई इस कविता को ही स्कूल के बच्चे ने गाया है। जिसके बाद वहां मौजूद सभी लोगों ने उसकी तारीफ की।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.